Bareilly News : बेसमेंट में चल रहा केजीएन सहारा हॉस्पिटल सील
कई अस्पतालों में ओटी और आईसीयू पर भी कसा शिकंजा
बरेली, अमृत विचार। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गुरुवार को अस्पतालों के निरीक्षण के लिए विशेष अभियान चलाया। पीलीभीत रोड पर बेसमेंट में संचालित केजीएन सहारा हॉस्पिटल को सील कर दिया गया। अन्य कई अस्पतालों में बेसमेंट में चल रही ओटी, पैथोलॉजी लैब, वार्ड और आईसीयू को भी सील करने की कार्रवाई की गई।
सीएमओ डा. विश्राम सिंह के निर्देश पर गुरुवार को नोडल अधिकारी डॉ. अमित कुमार के साथ डॉ. अजय कुमार और डॉ. लईक अंसारी ने शहर के विभिन्न अस्पतालों का निरीक्षण किया। पीलीभीत रोड पर केजीएन सहारा हॉस्पिटल बेसमेंट में संचालित हो रहा था। हॉस्पिटल के बेसमेंट में ऑपरेशन थिएटर, पैथोलॉजी लैब और दो वार्ड थे। इन्हें सील कर दिया गया। मौर्य हॉस्पिटल के बेसमेंट में संचालित ऑपरेशन थिएटर और आईसीयू को भी सील लगाने की कार्रवाई की। डॉ. अमित कुमार ने बताया कि शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी अभियान चलाया जाएगा। अस्पतालों में सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी और बेसमेंट में संचालित अस्पतालों तथा स्वास्थ्य सेवाओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
