बाराबंकी: रेलवे स्टेशन पर जनरेटर में धमाका, गांव में ट्रांसफार्मर धधका; दो जगह आग से हड़कंप
बाराबंकी, अमृत विचार। गुरुवार को जिले में आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को दहशत में डाल दिया। जिला मुख्यालय स्थित रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बने जनरेटर रूम में भीषण आग लगने के बाद डीजल टैंक में विस्फोट हो गया, जबकि मसौली क्षेत्र के करमुल्लापुर गांव में ट्रांसफार्मर धधक उठा। दोनों घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
जनरेटर रूम में आग के बाद हुआ विस्फोट
रेलवे स्टेशन पर दोपहर के समय जनरेटर रूम से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। कुछ ही मिनटों में आग ने तेज रूप ले लिया और जनरेटर से जुड़े डीजल टैंक में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज सुनते ही स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर रेलवे अधिकारियों ने तत्काल सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।
वंदे भारत ट्रेन को रोकना पड़ा
घटना के चलते लखनऊ की ओर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस को स्टेशन पहुंचने से पहले ही रोक दिया गया। रेलवे अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर सुरक्षा सुनिश्चित की, जिसके बाद ट्रेन को करीब 15 मिनट की देरी से रवाना किया गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या अत्यधिक गर्मी को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।
करमुल्लापुर में ट्रांसफार्मर बना आग का गोला
दूसरी घटना मसौली क्षेत्र के करमुल्लापुर गांव में सुबह करीब पांच बजे हुई। ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर से चिंगारियां निकलती देख विद्युत विभाग को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि समय पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। कुछ ही देर बाद ट्रांसफार्मर में भीषण आग लग गई और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए।
ओवरलोडिंग को माना जा रहा कारण
ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी और बिजली के बढ़ते लोड के कारण ट्रांसफार्मर में आग लगी। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए समय रहते कार्रवाई न करने का आरोप लगाया।
समय रहते टला बड़ा हादसा
दोनों स्थानों पर आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे किसी बड़े हादसे और जनहानि से बचाव हो गया। रेलवे और विद्युत विभाग ने घटनाओं की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें:- Mahoba News: गोवंश संरक्षण और पशुपालकों की आय बढ़ाने पर सरकार का फोकस: महोबा में बोले मंत्री धर्मपाल सिंह
