Kanpur News: लिव-इन में रह रहे युवक का फंदे से लटका मिला शव, परिजनों ने प्रेमिका पर हत्या का लगाया आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

कानपुर, अमृत विचार। चकेरी थाना क्षेत्र में 12 सालों से एक तलाकशुदा महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंच गए। इसके बाद महिला और उसके परिवार पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने और संपत्ति हड़पने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

12 साल से साथ रह रहा था युवक

फजलगंज पानी की टंकी के पास रहने वाला 35 वर्षीय धीरज सक्सेना पेशे से क्रेन चालक था। परिवार में मां रामदेवी, चार भाई और तीन बहनें हैं। परिजनों के मुताबिक, धीरज के इलाके की एक तलाकशुदा महिला से प्रेम संबंध हो गए थे। इसके बाद वह चकेरी स्थित कांशीराम कॉलोनी में महिला और उसकी बेटी के साथ लिव-इन में रहने लगा था।

रात में फंदे से लटका मिला शव

परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात करीब दो बजे धीरज का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। धीरज की बहन विनीता का आरोप है कि महिला, उसकी बेटी और उसके भाई-बहनों ने मिलकर संपत्ति हड़पने के उद्देश्य से धीरज की हत्या की और आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया।

 कानपुर चकेरी लिव-इन में रह रहे युवक का फंदे से लटका मिला शव

अस्पताल में हुआ विवाद

परिजनों का आरोप है कि महिला ने उन्हें कांशीराम अस्पताल पहुंचने के बाद घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचने पर महिला घटना के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकी। इस दौरान अस्पताल में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसे पुलिस ने शांत कराया। बाद में पोस्टमार्टम हाउस पर भी दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और हाथापाई की नौबत आ गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें:- कानपुर में हादसा: तेज रफ्तार लोडर ने बाइक सवार दो दोस्तों को रौंदा, मौके पर दोनों युवकों की मौत

संबंधित समाचार