Lucknow News : 40 डिग्री तापमान में भी सुगंध बिखेर रहा रोज गार्डेन, राष्ट्रीय लाल गुलाब दिवस पर जनेश्वर मिश्र पार्क स्थित रोज गार्डेन में जुटे पर्यावरण प्रेमी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ, अमृत विचार : जून का महीना और तापमान 40 डिग्री के पार है, इसके बाद भी गुलाब के फूल जनेश्वर मिश्र पार्क स्थित रोज गार्डेन में खिलखिलाकर सुगंध बिखेर रहे हैं। ये नजारा 12 जून को राष्ट्रीय लाल गुलाब दिवस के अवसर पर रोज गार्डेन में जुटे पर्यावरण प्रेमियों ने देखा और एलडीए के हॉर्टीकल्चर वर्क की जमकर सराहना की। 

एलडीए द्वारा शुक्रवार को रोज गार्डेन में आयोजित ‘द रेड रिवाइवल’ कार्यक्रम में युवाओं, रचनाकारों, महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक नागरिकों ने सहभागिता की। इस दौरान लोगों ने गुलाब की विभिन्न प्रजातियों की खूबसूरती को कैमरे में कैद किया। कार्यक्रम का उद्देश्य रोज गार्डेन के हरित वातावरण के संरक्षण तथा नागरिकों में पर्यावरणीय चेतना को बढ़ावा देना था।

जानिए क्या बोले उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार

उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि यह देश का दूसरा सबसे बड़ा रोज गार्डन है। यहां 15 एकड़ क्षेत्रफल में गुलाब की 2200 से अधिक प्रजातियां एवं 10 हजार से अधिक पौधे रोपित किये गये हैं। खासबात यह है कि वैज्ञानिक सिंचाई एवं उद्यान प्रबंधन तकनीक की सहायता से भीषण गर्मी के मौसम में भी गुलाब की सुंदरता और गुणवत्ता को बनाए रखा गया है। उद्यान अधिकारी शशि कुमार भारती ने लोगों को पौधरोपण व सिंचाई की आधुनिक तकनीकी के बारे में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।

संबंधित समाचार