Barabanki News : 345 अभ्यर्थियों ने दी ECCE एजूकेटर की परीक्षा, 160 परिषदीय विद्यालयों में होनी है तैनाती
11 ने छोड़ी परीक्षा, आउटसोर्सिंग माध्यम से भर्ती
बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत परिषदीय विद्यालयों में ईसीसीई (अर्ली चाइल्डहुड केयर एंड एजुकेशन) एजूकेटर के 160 पदों पर चयन के लिए शुक्रवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी), बाराबंकी में लिखित परीक्षा शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुई।
बाराबंकी, अमृत विचार। बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत परिषदीय विद्यालयों में ईसीसीई (अर्ली चाइल्डहुड केयर एंड एजुकेशन) एजूकेटर के 160 पदों पर चयन के लिए शुक्रवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी), बाराबंकी में लिखित परीक्षा शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा में 356 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 345 अभ्यर्थी (97 फीसदी) शामिल हुए, जबकि 11 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
बालवाटिका के तहत 5 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को प्री-प्राइमरी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए आउटसोर्सिंग माध्यम से भर्ती प्रक्रिया चलाई जा रही है। पूर्वाह्न 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित परीक्षा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के प्राचार्य अमित कुमार यादव की देखरेख में संपन्न हुई। इस दौरान प्राचार्य अमित कुमार यादव एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
परीक्षा के लिए 12 कक्षों में अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। प्रत्येक कक्ष में दो कक्ष निरीक्षक तथा प्रत्येक दो कक्षों पर एक डायट प्रवक्ता/पर्यवेक्षक तैनात किया गया था। वहीं, खंड शिक्षा अधिकारी बंकी, देवा, मसौली, बनीकोडर, सिरौलीगौसपुर और हैदरगढ़ को नोडल अधिकारी नामित किया गया था। परीक्षा में बाराबंकी के अलावा अन्य जनपदों के अभ्यर्थी भी शामिल हुए, जबकि अनुपस्थित अभ्यर्थियों में वाराणसी, गोण्डा, आजमगढ़ और बलिया के अभ्यर्थी शामिल रहे।
