Barabanki News: मंत्री सतीश शर्मा बोले- देशहित और गरीब कल्याण को समर्पित मोदी सरकार के 12 साल
बाराबंकी: अमृत विचार। भारतीय जनता पार्टी की जिला कार्यकारिणी की मासिक बैठक शुक्रवार को जिला कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में बतौर निर्वाचित प्रधानमंत्री सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने का रिकॉर्ड बनाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी गई तथा बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
बैठक में गत माह संचालित अभियानों की समीक्षा की गई और केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रस्तावित संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। मुख्य अतिथि एमएलसी एवं जिला प्रभारी अवनीश सिंह पटेल ने कहा कि भाजपा एक ऐसा संगठन है जहां कार्यकर्ताओं के लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष देशहित में लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों और गरीब कल्याण के कार्यों के लिए याद किए जाएंगे। जिला अध्यक्ष राम सिंह वर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि एससी-एसटी आयोग के प्रदेश अध्यक्ष बैजनाथ रावत ने आभार व्यक्त किया। बैठक के बाद भाजपा कोर कमेटी की बैठक में विभिन्न सांगठनिक विषयों पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, पूर्व एमएलसी हरगोविंद सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष सिंह, अवधेश श्रीवास्तव, अरविंद मौर्य, जिला महामंत्री विजय आनंद बाजपेई, पवन सिंह रिंकू, ब्रजेश रावत, शीलरत्न मिहिर, अमरीश रावत, गुरु शरण लोधी, सरोज रावत, रचना श्रीवास्तव, मुलायम सिंह यादव, मनीष परिहार, दिनेश सिंह तोमर, अंशु वर्मा, रामेश्वरी त्रिवेदी, गुंजन शर्मा, नीतू रावत, सरिता रावत, वैभव मिश्रा, चमन सिंह पटेल, गुरदीप सिंह, दिनेश पांडे, सतीश विश्वकर्मा, डॉ. अवधेश वर्मा, आशुतोष अवस्थी सहित जिला कार्यसमिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
