सड़क हादसे में घायल युवती के लिए 'देवदूत' बने ट्रैफिक पुलिसकर्मी, तत्परता से बचाई जान

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विभूति खंड इलाके में सुबह एक भीषण सड़क हादसा होने से टल गया। अपनी मुस्तैदी और मानवीय चेहरे के लिए अक्सर तारीफ बटोरने वाली लखनऊ ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने एक बार फिर इंसानियत की नई मिसाल पेश की है। समय रहते की गई पुलिसकर्मियों की मदद की वजह से हादसे का शिकार हुई एक युवती की जान सुरक्षित बच सकी।

ड्यूटी पर तैनात जवानों ने नहीं गंवाया एक भी पल

मूल रूप से अंबेडकर नगर (जलालपुर) की रहने वाली मासूम जहरा विभूति खंड स्थित एक निजी संस्थान में कार्यरत हैं। रोज की तरह सुबह जब वह ऑफिस जाने के लिए सड़क पार कर रही थीं, तभी एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर दूर जा गिरीं, जिससे उनके हाथ और कमर में गंभीर चोटें आईं।

हादसे के वक्त चौराहे पर ड्यूटी दे रहे हेड कांस्टेबल नवल किशोर और कांस्टेबल बलजीत यादव की नजर तुरंत घायल युवती पर पड़ी। उन्होंने एम्बुलेंस का इंतजार कर समय बर्बाद करने के बजाय सूझबूझ दिखाई और तुरंत एक स्थानीय ऑटो की मदद से घायल मासूम जहरा को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचाया।

समय पर इलाज से टला बड़ा खतरा, घायल युवती ने कहा- 'थैंक यू खाकी'

अस्पताल में तुरंत इलाज मिलने की वजह से युवती की हालत अब पूरी तरह खतरे से बाहर और नियंत्रण में है। घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराने के तुरंत बाद जवानों ने उनके परिवार को भी घटना की जानकारी दी।

सोशल मीडिया पर सराहना

इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी लखनऊ ट्रैफिक पुलिस के इन जवानों की जमकर तारीफ हो रही है। संकट की इस घड़ी में पुलिसकर्मियों की त्वरित कार्रवाई ने यह साबित कर दिया है कि खाकी वर्दी हर परिस्थिति में जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए पूरी तरह समर्पित है।

"अगर ट्रैफिक पुलिस के इन जवानों ने बिना वक्त गंवाए मुझे अस्पताल न पहुंचाया होता, तो शायद मेरी जान को बड़ा खतरा हो सकता था। संकट के इस दौर में उन्होंने जो तत्परता दिखाई, उसके लिए मैं लखनऊ ट्रैफिक पुलिस की जितनी सराहना करूं कम है। थैंक यू लखनऊ ट्रैफिक पुलिस!"
-मासूम जहरा, घायल युवती

संबंधित समाचार