पेपर लीक के खिलाफ लखनऊ में छात्रों का प्रदर्शन, समर्थन देने पहुंचे अभिजीत दीपके बीच में ही लौटे

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : पेपर लीक और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में शुक्रवार को राजधानी लखनऊ स्थित ईको गार्डन में छात्रों और युवाओं ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। सुबह छह बजे से ही बड़ी संख्या में अभ्यर्थी वहां जुटने लगे। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए और कई स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पेपर लीक की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करने तथा प्रभावित परीक्षाओं को निष्पक्ष व्यवस्था के साथ दोबारा कराने की मांग उठाई। 

कुछ अभ्यर्थियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी की। यह आंदोलन मूल रूप से छात्रों और युवाओं द्वारा आयोजित था। प्रदर्शन के दौरान सीजेपी (क्रॉकरोच जनता पार्टी) के संस्थापक अभिजीत दीपके भी ईको गार्डन पहुंचे और छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया। उन्होंने कुछ समय तक प्रदर्शन में भाग लिया और अभ्यर्थियों से बातचीत की, लेकिन कार्यक्रम के बीच में ही वहां से रवाना हो गए। इसके बावजूद प्रदर्शन छात्रों के नेतृत्व में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहा और इसकी अगुवाई छात्र संगठनों एवं अभ्यर्थियों ने ही की।

क्या थी छात्रों की मांग 

छात्रों की मुख्य मांग थी कि परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों और पेपर लीक के मामलों को देखते हुए परीक्षाओं को पूरी पारदर्शिता और सख्त सुरक्षा व्यवस्था के साथ दोबारा कराया जाए। कुछ छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग की, जबकि कई छात्रों का कहना था कि सरकार सिर्फ परीक्षाओं को निष्पक्ष तरीके से दोबारा कराए, ताकि उनका भविष्य प्रभावित न हो। एक छात्र ने कहा कि जितनी पुलिस इको गार्डन में लगाई गई है, अगर उतनी सुरक्षा परीक्षा केंद्रों पर भी कर दी जाए तो कोई गड़बड़ी नहीं हो सकती।

सीजेपी के संस्थापक अभिजीत भी प्रदर्शन में पहुंचे 

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके भी इस प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने छात्रों का समर्थन किया और सरकार से शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगने पर जोर दिया। दीपके इससे पहले दिल्ली में भी पेपर लीक के मुद्दे पर प्रदर्शन कर चुके हैं। भीषण गर्मी के बीच अभिजीत दीपके प्रदर्शन स्थल संविधान की किताब लेकर प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया। हालांकि, वे आधे घंटे से भी कम समय तक प्रदर्शन में रुक पाए।

अभिजीत दीपके-सरकार को शिक्षामंत्री से लेना चाहिए इस्तीफा 

लखनऊ के बाद सीजेपी अमृतसर, बेंगलुरु में प्रदर्शन करेगी, इसके बाद 20 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन होगा। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शुक्रवार को कहा कि वह परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में लखनऊ में प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर जोर देंगे। युवाओं के नेतृत्व वाले आंदोलन की शुरुआत दिल्ली में प्रदर्शन से हुई थी और अब राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन किए जाने का कार्यक्रम है। इस राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन के तहत यह विरोध प्रदर्शन राज्य की राजधानी के इको गार्डन में हुआ है।

ये भी पढ़ें  : 
अब 200 लीटर से ज्यादा नहीं मिलेगा पेट्रोल और डीजल, सरकार ने तय किये नए नियम

 

संबंधित समाचार