Banda News : बांदा में मिलावटी गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, संचालक को पुलिस ने गिरफ्तार
बांदा। उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र में स्थित मकान में पुलिस ने छापा मार कर एक अवैध अपमिश्रित गुटका फैक्ट्री बरामद की। सहायक पुलिस अधीक्षक /पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर मेविस टॉक ने शुक्रवार को अपरान्ह बताया कि गुरुवार की रात सूचना पर पुलिस ने बांदा नगर के रब्बानिया नगर मुहल्ले में स्थित एक मकान में छापा मारा जहां अवैध अपमिश्रित गुटका का निर्माण किया जा रहा था।
पुलिस ने तत्काल मकान मालिक/फैक्ट्री संचालक बाबूलाल को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और फैक्ट्री से लगभग 350 किलोग्राम निर्मित, अर्ध निर्मित अवैध अपमिश्रित गुटका बरामद किया। साथ ही पुलिस ने गुटका निर्माण के यंत्र संयंत्र, बड़ी मात्रा में गुटका निर्माण सामग्री व विभिन्न गुटका निर्माण कंपनियों के खाली पाउच बड़ी तादाद में बरामद किए। उन्होंने बताया कि इस अवैध गुटखा फैक्ट्री से निर्मित गुटका आसपास के निकटवर्ती क्षेत्रों में बेचा जाता था। जिसके पूरे नेटवर्क की छानबीन शुरू की गई है और फैक्टरी संचालक को आज न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
श्रमिक ने फंदा लगा कर की आत्महत्या
उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम एक श्रमिक ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि बांदा नगर की हरदौली घाट क्योटरा निवासी स्वर्गीय होली लाल का पुत्र शोभित (20) गुजरात प्रांत के सूरत शहर में मजदूरी करता था। 15 दिन पूर्व वह अपने घर बांदा आया था। गुरुवार को उसकी मां गीता मजदूरी के लिए गई थी। घर पर कोई नहीं था। इसी बीच अज्ञात कारण के चलते शोभित ने घर पर फंदे में लटक कर आत्महत्या कर ली।
देर शाम मां के घर पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई। तत्काल पड़ोसियों की मदद से उसे फंदे से उतार कर जिला अस्पताल भेजा गया। जहां इलाज के दौरान बीती रात्रि उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को पंचायत नामा की कार्यवाही कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और मामले की जांच शुरू की गई है। फिलहाल आत्महत्या के कारण का पता नहीं चल सका है।
