Ballia News : सपा प्रमुख अखिलेश यादव की बेटी को लेकर अभद्र पोस्ट शेयर करने पर बलिया में एफआईआर
घोसी से सांसद राजीव राय बोले-अगर लीपापोती हुई तो बहन-बेटियों के सम्मान में सड़क पर उतरेंगे समाजवादी
अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव जोकि लंदन में पढ़ाई करती हैं-उनके बारे में सोशल मीडिया पर अर्मादित और अनर्गल बातों से जुड़ी पोस्ट को लेकर भारी बवाल मचा है। समाजवादी पार्टी के नेता और समर्थक इससे आक्रोशित हैं। इस मामले में यूपीभर में सपा नेता थानों में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग उठा रहे हैं। कई जिलों में एफआईआर भी दर्ज हो रही हैं।
अमृत विचार : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव को लेकर सोशल मीडिया पर अनर्गल बातें और अभद्र टिप्पणियों से सपा नेताओं और समर्थकों में भारी आक्रोश है। सपा नेताओं ने बलिया के रसड़ा थाने में इस मामले में एक आरोपी गोरखनाथ जायसवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोप है कि गोरखनाथ ने सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव की बेटी के संबंध में अभद्र और अर्मादित टिप्पणी वाली पोस्ट शेयर की थी।
घोसी से सपा सांसद राजीव राय ने अपने एक्स हैंडल पर एफआईआर की कॉपी शेयर करते हुए कहा कि, "आज अपने लोकसभा के रसड़ा कोतवाली में भाजपा नेता, जो सोशल मीडिया पर राष्ट्रीय अध्यक्ष की सुपुत्री को लेकर अभद्र और घटिया पोस्ट कर रहा था-उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई है। अगर पुलिस इस मामले में लीपापोती करने का प्रयास करेगी तो हम समाजवादी लोग अपने बहन-बेटियों के सम्मान में सड़कों पर उतरकर न्याय की लड़ाई लड़ेंगे।" सांसद राजीव राय ने कहा कि, "यही भाजपा का असली चरित्र और चेहरा है?"
https://twitter.com/RajeevRai/status/2065360512330928175/photo/1
रसड़ा में सपा के विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र यादव के नेतृत्व में पार्टी नेताओं ने कोतवाली में एक शिकायत दी। इस आरोप के साथ कि, रसड़ा के कुछ युवक दो दिन से सोशल मीडिया पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव की बेटी के संबंध में अर्मादित पोस्ट शेयर कर रहे हैं। गोरखनाथ जायसवाल इनमें से एक है।
साजिश का आरोप
सपा नेताओं साजिशन ऐसी घटिया हरकत करने का आरोप लगाया है, जिससे हमारे नेता की छवि खराब की जा सके। शिकायत में मांग की गई है जो लोग इस घिनौनी हरकत में शामिल हैं-उनकी पहचान कर कार्रवाई की जाए। सोशल मीडिया से सभी भ्रामक और अर्मादित पोस्ट हटाई जाएं। शिकायत में ये भी कहा गया है कि ऐसी घटिया हरकतों से समाज में विद्वेष फैल सकता है और सामाजिक समरसता के लिए चुनौती पैदा हो सकती है। बहरहाल, पुलिस ने इस मामले में शिकायत दर्ज ली है।
सोशल मीडिया पर हंगामा
अखिलेश यादव की बेटी को लेकर सोशल मीडिया पर हंगामा बरपा है। इसकी शुरुआत एक सोशल मीडिया पोस्ट से हुई, जिसमें अनर्गल बातें और दावे किए गए थे। सपा समर्थक भड़क गए। अखिलेश यादव ने एक बयान में भाजपा और अप्रत्यक्ष रूप से मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि हमारे परिवार के बारे में झूठी बातें फैलाने वालों किसने छूट दे रखी है। उन्हें किसका संरक्षण है।
