Saharanpur News : डीएम ने शाकम्भरी देवी मंदिर किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए ये निर्देश

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

सहारनपुर के जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने शुक्रवार को मां शाकम्भरी देवी मंदिर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ सुरक्षा, पर्यटन विकास तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मां शाकम्भरी देवी मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।

सहारनपुर। सहारनपुर के जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने शुक्रवार को मां शाकम्भरी देवी मंदिर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ सुरक्षा, पर्यटन विकास तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मां शाकम्भरी देवी मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास एवं सुरक्षा कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। 

उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे तथा अर्ली वार्निंग एवं अर्ली अलार्म सिस्टम की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा अथवा किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं तक तत्काल सूचना पहुंचाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ये व्यवस्थाएं आवश्यक हैं। जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर एवं बाजार क्षेत्र में स्थित दुकानों के आसपास स्वच्छता और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। 

पर्यटन थाना स्थापित करने के लिए भूमि का करें चिन्हांकन : डीएम

उन्होंने कहा कि दुकानों का व्यवस्थित ढंग से संचालन किया जाए तथा उन्हें निर्धारित मानकों के अनुरूप आकर्षक स्वरूप दिया जाए, जिससे क्षेत्र की सुंदरता बढ़े और पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिले। पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के उद्देश्य से डीएम ने पर्यटन थाना स्थापित करने के लिए उपयुक्त भूमि का शीघ्र चिन्हांकन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थायी भवन के निर्माण तक श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अस्थायी पर्यटन थाना संचालित किया जाए। निरीक्षण के दौरान प्रस्तावित पुल निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। 

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुल का निर्माण निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कराया जाए। उन्होंने निर्माण कार्य की तकनीकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञों की राय और तकनीकी परामर्श लेने पर भी बल दिया। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने कहा कि शाकम्भरी देवी क्षेत्र को सुरक्षित, स्वच्छ और आधुनिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। साथ ही, उन्होंने निर्धारित कार्यों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। 

संबंधित समाचार