मोहर्रम पर मेरठ परिक्षेत्र में कड़े सुरक्षा इंतजाम, 4500 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात, इन क्षेत्रों में होगी ड्रोन से निगरानी
मोहर्रम के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेरठ परिक्षेत्र के चार जिलों में 4500 से अधिक पुलिसकर्मियों और सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है, जबकि संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों की निगरानी ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी।
मेरठ। मोहर्रम के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेरठ परिक्षेत्र में व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। संवेदनशीलता के मद्देनजर मेरठ जिले के भावनपुर तथा बुलंदशहर जिले के खुर्जा नगर थाना क्षेत्रों को अति संवेदनशील श्रेणी में चिह्नित किया गया है जहां विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। परिक्षेत्र के चार जिलों में 4500 से अधिक पुलिसकर्मियों और सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है, जबकि संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों की निगरानी ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी।
डीआईजी कलानिधि नैथानी ने तैयारियों को लेकर की बैठक
मेरठ रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) कलानिधि नैथानी ने मोहर्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए शुक्रवार को मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ जिला पुलिस प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि ताजिए केवल निर्धारित मार्गों से निकाले जाएं तथा उनकी ऊंचाई परंपरागत मानकों के अनुरूप रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी नई परंपरा को अनुमति नहीं दी जाएगी और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन या उनके साथ चलने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
26 जून को निकाले जाएंगे ताजिया जुलूस
पुलिस के अनुसार मोहर्रम 17 जून से प्रारंभ होगा जबकि मुख्य आयोजन एवं ताजिया जुलूस 26 जून को निकाले जाएंगे। परिक्षेत्र में कुल 241 मजलिसें, 395 जुलूस और 560 ताजिए प्रस्तावित हैं। इसके अलावा 81 कर्बला स्थलों पर भी आयोजन होंगे। जुलूस मार्गों और प्रमुख स्थलों पर निगरानी के लिए 1072 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। परिक्षेत्र में 83 स्थानों को संवेदनशील अथवा हॉटस्पॉट के रूप में चिह्नित किया गया है। इनकी सुरक्षा के लिए 24 जोन, 81 सेक्टर और 59 क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) गठित की गई हैं। जुलूस मार्गों पर 47 संवेदनशील स्थलों की पहचान की गई है।
संवेदनशील श्रेणी में रखा गया भावनपुर और खुर्जा नगर
मेरठ का भावनपुर थाना क्षेत्र और बुलंदशहर का खुर्जा नगर थाना क्षेत्र अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत सात अपर पुलिस अधीक्षक, 25 क्षेत्राधिकारी, 102 निरीक्षक, 512 उपनिरीक्षक, 922 मुख्य आरक्षी, 1540 आरक्षी तथा 832 होमगार्ड एवं पीआरडी जवानों को तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त पीएसी और बीएसएफ की एक-एक कंपनी भी लगाई गई है।
डीआईजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जुलूस मार्गों का पूर्व निरीक्षण कर बिजली के तारों, अवरोधों तथा छतों पर रखी ऐसी वस्तुओं को हटवाया जाए जिनका दुरुपयोग हो सकता है। संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त बढ़ाने, सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने तथा असामाजिक एवं सांप्रदायिक तत्वों के विरुद्ध आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
