Amroha News : फॉलोअर्स की चाहत में रची थी तीन बहनों ने एक ही युवक से शादी की कहानी, CWC के सामने खुला राज

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

अमरोहा: 3 बहनों की एक ही युवक से शादी निकली झूठी, CWC के सामने कबूला सच- 'फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए किया था प्रैंक'

सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए अमरोहा की तीन सगी बहनों ने एक ही युवक से शादी का झूठा नाटक रचा था। बाल कल्याण समिति (CWC) की चार घंटे की पूछताछ के बाद बहनों ने यह स्वीकार कर लिया है कि यह केवल एक प्रैंक था।

अमरोहा, अमृत विचार। सोशल मीडिया पर रातों-रात मशहूर होने और फॉलोअर्स बढ़ाने की चाहत में युवा किस हद तक जा सकते हैं, इसका ताजा उदाहरण अमरोहा के हसनपुर क्षेत्र में देखने को मिला। यहां तीन सगी बहनों द्वारा एक ही युवक से शादी करने का सनसनीखेज दावा आखिरकार महज एक 'सोशल मीडिया प्रैंक' निकला। सोमवार को तीनों बहनों ने बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष पेश होकर अपनी गलती मान ली है।

चार घंटे चली पूछताछ, कहा- 'हमसे बड़ी गलती हुई'
सोमवार सुबह करीब 11 बजे तीनों बहनें अपने माता-पिता, भाई और तथाकथित पति के साथ बाल कल्याण समिति कार्यालय पहुंचीं।
समिति अध्यक्ष अतुलेश भारद्वाज और अन्य सदस्यों ने करीब चार घंटे तक उनसे पूछताछ की।
पूछताछ में तीनों बहनों ने लिखित और मौखिक रूप से स्वीकार किया कि उन्होंने असल में कोई विवाह नहीं किया है।
बहनों ने बताया कि शुरुआत में ही उन्हें सच्चाई बता देनी चाहिए थी, लेकिन सोशल मीडिया पर लगातार ट्रोलिंग और डर के कारण वे झूठ बोलती रहीं।

कैसे शुरू हुआ था पूरा विवाद?
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव धौरिया निवासी अलका (20), देविका (19) और संतोष उर्फ छवि सोशल मीडिया पर वीडियो कंटेंट बनाती हैं। श्यामपुरी गांव निवासी विकास उर्फ विक्की उनके साथ बतौर कैमरामैन काम करता है। 17 जुलाई को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें विकास तीनों बहनों की मांग में सिंदूर भरता दिख रहा था। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में भी इन बहनों ने शादी को मर्जी से किया हुआ बताया था और साथ रहने की जिद करते हुए आत्महत्या तक की धमकी दी थी।

नाबालिग बहन की मार्कशीट से खुला खेल, CWC ने लिया एक्शन
इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बीच सबसे छोटी बहन संतोष उर्फ छवि की हाईस्कूल की मार्कशीट सामने आ गई। इसमें उसकी जन्मतिथि वर्ष 2011 दर्ज थी, जिससे उसके नाबालिग होने का खुलासा हुआ। इसके बाद बाल कल्याण समिति ने 24 जुलाई को मामले का संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी किया। नोटिस मिलते ही तीनों बहनें और विकास हरिद्वार भाग गए थे और वहीं से वीडियो अपलोड कर रहे थे।

फॉलोअर्स बढ़ाने का था लालच
सबसे बड़ी बहन अलका ने बताया कि उन्होंने अन्य क्रिएटर्स से प्रेरित होकर यह प्रैंक रचा था। उन्होंने पहले ही एक 'बिहाइंड द सीन' वीडियो बना लिया था ताकि बाद में साबित कर सकें कि यह प्रैंक है, लेकिन मामला इतना तूल पकड़ गया कि वे डर गईं। दूसरी बहन देविका ने बताया कि इस ड्रामे से उनके इंस्टाग्राम फॉलोअर्स करीब साढ़े चार लाख से बढ़कर पांच लाख हो गए हैं, जबकि यूट्यूब पर उनके 11 हजार फॉलोअर्स हैं।

"तीनों बहनों ने अपने बयान में स्पष्ट कहा है कि उन्होंने विवाह नहीं किया था और पूरा घटनाक्रम केवल सोशल मीडिया प्रैंक था। उनका उद्देश्य फॉलोअर्स बढ़ाना था। समिति ने सभी आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने के बाद उन्हें परिजनों के साथ घर भेज दिया है। मामले के अन्य पहलुओं का भी परीक्षण किया जा रहा है।" - अतुलेश भारद्वाज, अध्यक्ष, बाल कल्याण समिति (अमरोहा)।

ये भी पढ़ें - Amroha News : कांवड़ यात्रा के लिए आज से डायवर्जन लागू, बिजनौर-हरिद्वार मार्ग पर भारी वाहनों की नो-एंट्री

संबंधित समाचार