Kanpur News: सावन से पहले डीएम ने परमत के आनंदेश्वर महादेव मंदिर का किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधाओं के दिए निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

कानपुर, अमृत विचार। सावन माह की शुरुआत से पहले जिला प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को परमट स्थित श्री आनंदेश्वर महादेव मंदिर का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर परिसर, दर्शन मार्ग और आसपास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

आनंदेश्वर महादेव मंदिर  (1)

महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग बैरिकेडिंग के निर्देश

जिलाधिकारी ने कहा कि सावन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा आनंदेश्वर के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए। साथ ही प्रवेश, निकास, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सहायता और अन्य सुविधाओं से जुड़े स्पष्ट साइन बोर्ड लगाए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

आनंदेश्वर महादेव मंदिर  (2)

सफाई, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर के महंत से व्यवस्थाओं पर चर्चा की और नगर निगम को नियमित सफाई, डस्टबिन, कचरा उठान तथा सफाई कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। केस्को को निर्बाध बिजली आपूर्ति और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया।

स्वास्थ्य विभाग को मंदिर परिसर के पास अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र स्थापित कर चिकित्सकीय टीम, दवाइयों और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। वहीं पुलिस विभाग को सीसीटीवी निगरानी, कंट्रोल रूम से मॉनिटरिंग, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और पर्याप्त पुलिस बल व स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।

आनंदेश्वर महादेव मंदिर  (3)

जलाभिषेक कर जनकल्याण की कामना की

डीएम ने कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए अलग मार्ग और आवश्यक बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के बाद उन्होंने भगवान श्री आनंदेश्वर महादेव का जलाभिषेक और पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सावन मेले की व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ेंः 24 घंटे में तीन बार रंग बदलता है यह शिवलिंग! सावन में उमड़ता है श्रद्धालुओं का सैलाब, जानिए बागेश्वर नाथ मंदिर का रहस्य

संबंधित समाचार