गुप्त नवरात्र में मां पाटेश्वरी के दरबार पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुप्त नवरात्र के अवसर पर बुधवार सुबह बलरामपुर जिले के तुलसीपुर स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां पाटेश्वरी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने मां पाटेश्वरी की आरती उतारी और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जाएं।

मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री को देखकर कई बच्चे उनके पास पहुंचे। योगी आदित्यनाथ ने बच्चों से आत्मीयता से बातचीत की और उन्हें चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री के इस व्यवहार ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

मुख्यमंत्री मंगलवार को बहराइच और श्रावस्ती में विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद बलरामपुर पहुंचे थे। उन्होंने देवीपाटन मंदिर परिसर में रात्रि विश्राम किया और बुधवार सुबह मां पाटेश्वरी के दर्शन-पूजन के बाद मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संत समाज से भी मुलाकात की। उन्होंने बलरामपुर सदर विधायक पलटू राम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा और नगर पालिका परिषद अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह 'धीरू' सहित अन्य जनप्रतिनिधियों से जिले में चल रहे विकास कार्यों और प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी ली।

नगर पालिका परिषद अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पहले से सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

ये भी पढ़ें : 
Weather : यूपी के कई जिलों में मूसलाधार बारिश का खतरा, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

संबंधित समाचार