कांग्रेस मुख्यालय के घेराव का एलान : लखनऊ में भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की
लखनऊ, अमृत विचार : राजधानी लखनऊ में बुधवार को भाजपा की ओर से कांग्रेस मुख्यालय के घेराव का ऐलान किया गया है। इसके लिए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के नेतृत्व में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं समेत भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने वीवीआईपी गेस्ट हाउस के सामने प्रदर्शन किया है।
दरअसल, दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को पीएम आवास के पास धरना दिया था, जिसके विरोध में आज यानी बुधवार को यूपी भाजपा ने कांग्रेस मुख्यालय के घेराव का ऐलान किया है।
यही वजह है कि आज वीवीआईपी गेस्ट हाउस के सामने भारी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता जुटे। जिनका नेतृत्व स्वयं प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी कर रहे है। कांग्रेस मुख्यालय की ओर जाने से पहले बीजेपी कार्यकर्ताओं ने गेस्ट हाउस के सामने ही धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस सपा और राहुल गांधी मुर्दाबाद के नारे लगाये। बीजेपी कार्यकर्ताओं के हाथ में राहुल गांधी मुर्दाबाद, कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद लिखी तख्तियां भी हैं।

बीजेपी कार्यकर्ताओं को बीजेपी कार्यकर्ता भारी संख्या में कांग्रेस मुख्यालय की तरफ बढ़ रहे हैं, हालांकि कार्यकर्ताओं को कांग्रेस मुख्यालय से पहले ही बैरिकेडिंग लगाकर रोका गया है। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई है।
अजय राय ने लाठी संभाली

लखनऊ में सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय कांग्रेस मुख्यालय में लाठी लेकर बैठे नजर आए। बीजेपी के कार्यालय घेराव के ऐलान के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता भी तैयार दिखे। राजधानी में बीजेपी और कांग्रेस के बीच टकराव के आसार बढ़ गए हैं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भाजपा की तरफ से कांग्रेस कार्यालय का घेराव किए जाने पर अपनी प्रतिक्रिया दी है, उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का डर इतना बढ़ गया है कि अब सच का सामना करने से पहले ही थर-थर कांपने लगती है। हम तो कांग्रेस मुख्यालय पर सिर्फ अपने मेहमानों के 'खास स्वागत' की पूरी तैयारी में बैठे थे, पर इस कायर सरकार ने भारी पुलिस बल भेजकर मुझे गिरफ्तार करवा दिया। सुन ले तानाशाही हुकूमत! पुलिस के पीछे छुपकर वार करना बंद करो। कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता शांत और सज्जन ज़रूर है, लेकिन जब हिसाब करने पर आएगा तो आने वाली नस्लें याद रखेंगी। जेलों की सलाखें हमारे हौसले नहीं तोड़ सकतीं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया
उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और अन्य नेताओं को हिरासत में लिये जाने के खिलाफ बुधवार को यहां मॉल एवेन्यू इलाके में पार्टी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'पांच-कालिदास मार्ग' स्थित आवास के घेराव की योजना बनाई थी, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं को बैरिकेड लगाकर पार्टी कार्यालय के बाहर ही रोक दिया गया। राय ने पार्टी कार्यालय से बाहर आने के बाद 'पीटीआई वीडियो' से कहा, ''भाजपा सरकार लोगों पर अत्याचार कर रही है। जिस तरह से राहुल गांधी और प्रियंका जी को अपमानित किया गया, उसके विरुद्ध पार्टी कार्यकर्ता यहां मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।'' बाद में पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और आदित्यनाथ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने येन-केन-प्रकारेण पुलिस बैरिकेड पार करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की भारी तैनाती के कारण वे सफल नहीं सके। बाद में प्रदेश अध्यक्ष समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में ले लिया गया और पुलिस वाहन में वहां से ले जाया गया।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने कथित नीट पेपर लीक मुद्दे का विरोध कर रहे छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई पर मोदी के इस्तीफे की मांग करते हुए मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना दिया था। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव एवं अन्य विपक्षी नेताओं को मंगलवार शाम पुलिस ने हिरासत में ले लिया था, जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया।
