केदारनाथ पैदल मार्ग पर मलबा आने से यात्रा बाधित, मार्ग खोलने का काम युद्धस्तर पर जारी

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

गौरीकुंड के पास पत्थर और मलबा गिरने से रास्ता बंद, यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित श्री केदारनाथ धाम की यात्रा एक बार फिर प्रभावित हुई है। बुधवार सुबह पहाड़ों से पत्थर और मलबा गिरने के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग अस्थायी रूप से बंद हो गया। प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया है और मार्ग को जल्द खोलने के लिए राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं। जिला आपदा परिचालन केंद्र के प्रभारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 6:01 बजे सूचना मिली कि गौरीकुंड से लगभग एक किलोमीटर आगे छोड़ी क्षेत्र के पास केदारनाथ पैदल मार्ग पर भारी मात्रा में पत्थर और मलबा आने से रास्ता अवरुद्ध हो गया है।

मौके पर पहुंचीं टीमें, मलबा हटाने का काम जारी

घटना की जानकारी मिलते ही जिला आपदा परिचालन केंद्र ने गौरीकुंड के सेक्टर अधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और मार्ग से मलबा हटाने के साथ-साथ सुरक्षा संबंधी कार्यों में जुटी हुई हैं। प्रशासन के अनुसार, मार्ग को जल्द से जल्द खोलने के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय बनाकर युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है। स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

सुरक्षा के लिए यात्रियों को रोका गया

प्रशासन ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया गया है और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित होने के बाद ही आवाजाही शुरू की जाएगी। मौके पर जिला आपदा प्रतिक्रिया बल (डीडीआरएफ), वाईएमएफ, आपदा मित्र, एमपीएफ और पुलिस की टीमें तैनात हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से की अपील

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से धैर्य बनाए रखने, जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ही आगे की यात्रा की अनुमति दी जाएगी।

संबंधित समाचार