फ्रांस में बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर रोक, 15 साल से कम उम्र वालों के लिए संसद ने पास किया विधेयक
नए कानून के तहत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को करनी होगी उम्र की पुष्टि, एक सितंबर से लागू होगा नियम
पेरिस। फ्रांस की संसद ने 15 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने वाले विधेयक को मंजूरी दे दी है। यह कानून एक सितंबर से लागू होगा। विधेयक के तहत सोशल मीडिया कंपनियों को यूजर्स की उम्र सत्यापित करनी होगी और 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को प्लेटफॉर्म इस्तेमाल करने से रोकना होगा। फ्रांसीसी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, विधेयक के पक्ष में 279 सांसदों ने मतदान किया, जबकि 81 सांसदों ने इसके विरोध में वोट दिया। मंजूरी के बाद यह कानून देश में बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
मैक्रों ने जताई खुशी, बोले- किया वादा पूरा
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस फैसले का स्वागत किया। उन्होंने लिखा कि उन्होंने इसका वादा किया था और अब संसद में इस मुद्दे पर मतदान हो चुका है। उन्होंने सांसदों का धन्यवाद भी किया। मैक्रों ने कहा कि नए स्कूल सत्र की शुरुआत से 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल नेटवर्क पर प्रतिबंध लागू किया जाएगा।
सोशल मीडिया के प्रभाव को लेकर कई देश उठा रहे कदम
बच्चों और युवाओं पर सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए कई देशों ने इस दिशा में कदम उठाने शुरू किए हैं। ऑस्ट्रेलिया ने 10 दिसंबर 2025 से 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लागू किया है। इसके अलावा अन्य प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी इसी तरह की पाबंदियां लगाने की तैयारी की जा रही है।
वहीं, डेनमार्क, स्पेन, ग्रीस, तुर्की, दक्षिण कोरिया और ब्रिटेन जैसे देशों ने भी बच्चों के सोशल मीडिया उपयोग को नियंत्रित करने के लिए नए नियमों पर विचार करने की घोषणा की है। फ्रांस का यह फैसला बच्चों की डिजिटल सुरक्षा, ऑनलाइन गोपनीयता और सोशल मीडिया के मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों को लेकर चल रही वैश्विक बहस के बीच आया है।
