Bahraich News : भाजपा ने सातों विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित किया बूथ अध्यक्ष सम्मेलन, 2027 चुनाव की रणनीति पर मंथन
भाजपा का सातों विधानसभा में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन, 2027 चुनाव की तैयारी तेज
भाजपा ने बहराइच जिले की सातों विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित कर 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति दी। सम्मेलन में बूथ संगठन को मजबूत करने, मतदाता संपर्क अभियान और संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा की गई।
बहराइच, अमृत विचार। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को बहराइच जिले की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन का उद्देश्य आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना, संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा करना और कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद संगठन की मजबूती और बूथ प्रबंधन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर
सम्मेलन में बूथ अध्यक्षों से उनके क्षेत्रों की कार्यप्रणाली, मतदाता सूची के अद्यतन कार्य और जनसंपर्क अभियान की जानकारी ली गई। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर का मजबूत संगठन है और बूथ अध्यक्षों की सक्रिय भूमिका के बल पर पार्टी वर्ष 2027 में फिर सरकार बनाएगी। उन्होंने प्रत्येक बूथ अध्यक्ष से अपने-अपने बूथ को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
सभी विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचे प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारी
जिला मीडिया प्रभारी शिवांकर शुक्ला ने बताया कि बहराइच विधानसभा में विधायक अनुपमा जायसवाल के नेतृत्व में सम्मेलन आयोजित हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि मणीन्द्र पाण्डेय और विशिष्ट अतिथि जिलाध्यक्ष बृजेश पांडेय रहे।
- महसी विधानसभा में विधायक सुरेश्वर सिंह के नेतृत्व में मुख्य अतिथि शंकर दयाल पाण्डेय (पूर्व जिलाध्यक्ष, श्रावस्ती) मौजूद रहे।
- पयागपुर विधानसभा में विधायक सुभाष त्रिपाठी के नेतृत्व में क्षेत्रीय महामंत्री नीरज वर्मा मुख्य अतिथि रहीं।
- कैसरगंज विधानसभा में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी गौरव वर्मा के नेतृत्व में प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर मुख्य अतिथि रहे।
- बलहा विधानसभा में विधायक सरोज सोनकर के नेतृत्व में पूर्व जिलाध्यक्ष अरविंद मौर्य (बाराबंकी) मुख्य अतिथि रहे।
- नानपारा विधानसभा में पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
- मटेरा विधानसभा में पूर्व जिलाध्यक्ष संजय कैराती मुख्य अतिथि रहे।
जिला प्रवासी भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला प्रवासी के रूप में जिला महामंत्री सुवेद वर्मा, जिला उपाध्यक्ष राम निवास जायसवाल, राघवेंद्र सिंह, कृष कुमार, कन्हैया सोनी, जिला मंत्री आलोक जिंदल और हरेन्द्र सिंह सहित अन्य पदाधिकारी सभी विधानसभा क्षेत्रों में मौजूद रहे।
