Barabanki News : अंतिम संस्कार के बाद प्रवाहित किए गए व्यक्ति की हुई पहचान, रेल पटरी के पास अज्ञात शव मिलने से हड़कंप

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बाराबंकी। जिले में बुधवार को दो अलग-अलग स्थानों पर शव मिलने से सनसनी फैल गई। शहर के रेलवे स्टेशन के आउटर पर रेल पटरी के किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिला, जबकि सफदरगंज क्षेत्र में कल्याणी नदी से बरामद शव की पहचान अंतिम संस्कार के बाद नदी में प्रवाहित किए गए व्यक्ति के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों मामलों में शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।

रेलवे ट्रैक किनारे मिला अज्ञात युवक का शव

जानकारी के अनुसार, शहर के रेलवे स्टेशन से जेल कॉलोनी जाने वाले मार्ग पर रेल पटरी के किनारे स्थानीय लोगों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास मौजूद लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।

पुलिस के मुताबिक, मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष प्रतीत हो रही है। उसके पास से कोई पहचान पत्र, टिकट या अन्य दस्तावेज नहीं मिला। प्रारंभिक आशंका है कि युवक रेलवे ट्रैक पार करते समय किसी ट्रेन की चपेट में आ गया होगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया है।

कल्याणी नदी में मिला शव, अंतिम संस्कार के बाद प्रवाहित किए गए व्यक्ति की हुई पहचान

वहीं, सफदरगंज थाना क्षेत्र के उधौली गांव के पास कल्याणी नदी में एक शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया, जिसके बाद उसकी पहचान जंगरा बसावनपुर निवासी बृजमोहन पुत्र बदर के रूप में हुई। मृतक के भाई शत्रुघ्न ने पुलिस को बताया कि बृजमोहन की रविवार को मृत्यु हो गई थी। परिवार ने धार्मिक परंपरा के अनुसार उनका अंतिम संस्कार करने के बाद शव को कल्याणी नदी में प्रवाहित कर दिया था। बुधवार को वही शव नदी में तैरता हुआ दिखाई दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, रेलवे ट्रैक के पास मिले अज्ञात युवक की पहचान कराने के प्रयास भी जारी हैं।

ये भी पढ़ें : 
Barabanki News : दो घरों में लगी आग, गृहस्थी जलकर राख; रंजिश में आगजनी का आरोप, मुकदमा दर्ज

संबंधित समाचार