Balrampur News: मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय में शुरू होंगे 25 पीजी कोर्स, छात्रों को घर पर ही मिलेगी उच्च शिक्षा
बलरामपुर, अमृत विचार। जनपद के छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मां पाटेश्वरी देवी राज्य विश्वविद्यालय में नए सत्र से 25 स्नातकोत्तर यानी पीजी कोर्स शुरू किए जाएंगे। इसके साथ ही विश्वविद्यालय का प्रशासनिक और एकेडमिक भवन भी बनकर तैयार हो गया है। इससे अब बलरामपुर और आसपास के जिलों के छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार नए सत्र में कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय के विभिन्न विषयों में पीजी की पढ़ाई शुरू होगी। इसमें हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, इतिहास, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, भूगोल, गृह विज्ञान, मनोविज्ञान, गणित, भौतिकी, रसायन, वनस्पति, जंतु विज्ञान, कंप्यूटर साइंस, वाणिज्य, शिक्षा शास्त्र समेत 25 विषय शामिल हैं।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा कैंपस
विश्वविद्यालय का नया प्रशासनिक भवन और एकेडमिक ब्लॉक लगभग तैयार है। यहां अत्याधुनिक क्लासरूम, लैब, सेमिनार हॉल, लाइब्रेरी और कंप्यूटर सेंटर बनाए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फर्नीचर और अन्य उपकरण भी लग जाएंगे। प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने के लिए तैयारी अंतिम चरण में है।
कुलपति और जिला प्रशासन ने कहा कि मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय को क्षेत्रीय शिक्षा का हब बनाने की योजना है। यहां शोध और रोजगारपरक कोर्स भी शुरू किए जाएंगे ताकि छात्र पढ़ाई के साथ-साथ स्वरोजगार से भी जुड़ सकें।
छात्रों को मिलेगा सीधा लाभ
अब तक बलरामपुर के छात्र पीजी और उच्च शिक्षा के लिए गोरखपुर, लखनऊ या अयोध्या जाना पड़ता था। इससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती थी। विश्वविद्यालय में पीजी कोर्स शुरू होने से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्र-छात्राओं को सबसे ज्यादा फायदा होगा।
स्थानीय लोगों ने विश्वविद्यालय में पीजी कोर्स शुरू होने का स्वागत किया है। उनका कहना है कि यह कदम बलरामपुर की शिक्षा व्यवस्था में मील का पत्थर साबित होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने जल्द ही प्रवेश के लिए वेबसाइट और काउंसलिंग की तारीख घोषित करने की बात कही है। अधिकारियों के अनुसार इस बार सीटें सीमित रहेंगी, इसलिए मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा।
