UP Election 2027 : मोदी-योगी के काम पर चुनाव लड़ेगी BJP, पंकज चौधरी बोले- राम मंदिर मामले में दोषी नहीं बख्शे जाएंगे

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मिर्जापुर दौरे पर पंकज चौधरी ने विंध्यवासिनी धाम में किए दर्शन, सहयोगी दलों से सीट बंटवारे पर कहा- समय आने पर होगा फैसला

मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने गुरुवार को साफ कर दिया कि पार्टी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकारों के विकास कार्यों और उपलब्धियों के आधार पर लड़ेगी। उन्होंने कहा कि सहयोगी दलों के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर उचित समय पर चर्चा की जाएगी।

विंध्यवासिनी धाम से शुरू किया पहला दौरा

प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद अपने पहले मिर्जापुर दौरे पर पहुंचे पंकज चौधरी ने सबसे पहले मां विंध्यवासिनी धाम में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कई अहम राजनीतिक मुद्दों पर पार्टी का पक्ष रखा।

राम मंदिर चंदा विवाद पर बोले- दोषी कोई भी हो, कार्रवाई होगी

राम मंदिर चंदा प्रकरण पर पूछे गए सवाल के जवाब में पंकज चौधरी ने कहा कि यह मामला आस्था से जुड़ा है और बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितना ही प्रभावशाली व्यक्ति क्यों न हो।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, "जिन लोगों को कभी भगवान राम के नाम से परहेज था, वे आज सबसे बड़े रामभक्त बनने की होड़ में लगे हैं।"

विकास और कानून-व्यवस्था रहेगा चुनावी एजेंडा

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में विकास, सुशासन और बेहतर कानून-व्यवस्था को मुख्य मुद्दा बनाएगी। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में देश और प्रदेश दोनों में व्यापक बदलाव आया है। भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है और दुनिया में भारतीयों का सम्मान पहले से अधिक हुआ है।

नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ की बैठकें

मिर्जापुर प्रवास के दौरान पंकज चौधरी ने भाजपा पदाधिकारियों, विधायकों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। उन्होंने समाज के प्रबुद्ध लोगों से संवाद कर केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की।

दलित परिवार में भोजन, आरएसएस कार्यकर्ता के घर पी चाय

प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा के पीडीए (पसमांदा, दलित और पिछड़ा) संपर्क अभियान के तहत दलित समाज के प्रदीप सोनकर के घर भोजन किया। इसके बाद पिछड़ा वर्ग से जुड़े राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यकर्ता मिलन के घर चाय पीकर सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार मिर्जापुर पहुंचे पंकज चौधरी का भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शक्ति प्रदर्शन करते भी नजर आए।

संबंधित समाचार