Ayodhya Ram Mandir : चढ़ावे की गिनती से लेकर सुरक्षा तक बदले नियम, राम मंदिर ट्रस्ट ने कहा- अब नहीं होगी कोई अनियमितता

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर प्रशासन में पारदर्शिता और सुरक्षा बढ़ाने के लिए नई व्यवस्था लागू की है। कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी ने कहा कि चढ़ावे की गिनती की प्रक्रिया को और सुरक्षित बनाया गया है तथा जल्द सीईओ की नियुक्ति से प्रबंधन और मजबूत होगा।

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर की व्यवस्था में बड़े बदलाव शुरू कर दिए हैं। चढ़ावे की गिनती से लेकर प्रशासनिक कामकाज तक नई प्रणाली लागू की जा रही है। ट्रस्ट का कहना है कि इन बदलावों का उद्देश्य पारदर्शिता बढ़ाना, सुरक्षा मजबूत करना और भविष्य में किसी भी तरह की अनियमितता की आशंका को समाप्त करना है।

ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत में बताया कि उन्होंने हाल ही में महासचिव चंपत राय से मुलाकात की। यह मुलाकात उनके स्वास्थ्य का हाल जानने के लिए थी। उन्होंने कहा कि चंपत राय पूरी तरह स्वस्थ हैं और संगठनात्मक बदलावों को लेकर उनके मन में किसी तरह की नाराजगी या असंतोष नहीं है।

गोविंद देव गिरी ने कहा कि चंपत राय ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र सेवा को समर्पित किया है और ट्रस्ट की नई कार्यप्रणाली का भी पूरा समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नई व्यवस्था किसी व्यक्ति विशेष पर निर्भर नहीं होगी, बल्कि संस्थागत प्रणाली के आधार पर काम करेगी।

चढ़ावे की गिनती की व्यवस्था में बड़े बदलाव

कोषाध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने उस स्थान का भी निरीक्षण किया, जहां श्रद्धालुओं के चढ़ावे की गिनती होती है। यहां सुरक्षा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए कई नए इंतजाम किए गए हैं। उनका दावा है कि अब ऐसी व्यवस्था बनाई गई है जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता की संभावना बेहद कम हो जाएगी।उन्होंने कहा कि जल्द ही मंदिर में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति भी की जाएगी। इससे प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक व्यवस्थित, जवाबदेह और प्रभावी बनेगी।

संतों ने भी दिए सुधार के सुझाव

गोविंद देव गिरी ने बताया कि अयोध्या के कई संतों से भी उनकी मुलाकात हुई। संतों ने ट्रस्ट के फैसलों का समर्थन किया, हालांकि पूजा-पद्धति और कुछ व्यवस्थाओं में सुधार के सुझाव भी दिए। ट्रस्ट ने भरोसा दिलाया कि इन सुझावों पर गंभीरता से काम किया जाएगा।

ट्रस्ट सदस्य बोले- भगवान राम के काम में सब ठीक हो जाता है

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य दिनेंद्र दास ने कहा कि भगवान राम के मंदिर में व्यवस्थाएं लगातार बेहतर हो रही हैं। उनके अनुसार, रामलला के दर्शन और पूजा-पाठ सुचारु रूप से चल रहे हैं तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है।

उन्होंने मुख्य कार्यकारी अधिकारी की नियुक्ति को सही फैसला बताते हुए कहा कि इतने बड़े धार्मिक परिसर के बेहतर संचालन के लिए पेशेवर प्रशासनिक व्यवस्था जरूरी है। उन्होंने कहा कि आलोचनाएं होती रहेंगी, लेकिन ट्रस्ट अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ कर रहा है।

क्या हैं नए बदलाव?
  • चढ़ावे की गिनती की प्रक्रिया में सुरक्षा और पारदर्शिता बढ़ाई गई।
  • किसी एक व्यक्ति पर निर्भर रहने के बजाय संस्थागत व्यवस्था लागू होगी।
  • जल्द होगी मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति।
  • संतों के सुझावों के आधार पर पूजा और व्यवस्थाओं में सुधार किए जाएंगे।
  • ट्रस्ट का दावा- नई व्यवस्था से मंदिर प्रशासन पहले से अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनेगा।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

Bahraich News: बहराइच दौरे पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी बोले- राममंदिर चढ़ावा चोरी में कोई भी दोषी नहीं बचेगा
Barabanki News: लोधेश्वर महादेवा धाम से अयोध्या के लिए शुरू हुई निःशुल्क AC रामरथ सेवा, जानिए प्रतिदिन कितने श्रद्धालु कर सकेंगे यात्रा
UP Teacher Recruitment: 68500 सहायक अध्यापक भर्ती के अभ्यर्थियों ने संशोधित परिणाम की मांग उठाई, मुख्यमंत्री के नाम भेजा ज्ञापन
Hardoi Crypto Scam: 7.5% रिटर्न, गोवा टूर और प्लॉट का लालच... 50 करोड़ की ठगी के बाद मुख्य आरोपी दुबई फरार, 5 पर केस दर्ज
Kanpur News: मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से युवाओं के सपनों को मिलेगी नई उड़ान, IAS-PCS समेत प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग