हरदोई के बिलग्राम CHC का चौंकाने वाला हाल! 6 डॉक्टर तैनात, लेकिन अस्पताल में सिर्फ एक संभालता मिला पूरी OPD

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

एचआरपी डे पर महिला डॉक्टर भी नहीं मिलीं, मरीज घंटों लाइन में रहे और डॉक्टरों की तलाश में अस्पताल परिसर में भटकते रहे

हरदोई। जिले के बिलग्राम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में गुरुवार को स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था सवालों के घेरे में नजर आई। सुबह करीब 11:30 बजे तक अस्पताल के अधीक्षक समेत कई चिकित्सक अपने कक्षों में मौजूद नहीं मिले। इस दौरान अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

गुरुवार को एचआरपी डे होने के बावजूद अस्पताल में कोई भी महिला चिकित्सक अपने चेंबर में मौजूद नहीं थी। इससे जांच और उपचार के लिए पहुंचीं महिलाओं को विशेष रूप से दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

एक डॉक्टर के भरोसे चलती रही पूरी ओपीडी

अस्पताल परिसर में मरीजों की लंबी कतार लगी रही, जबकि पूरी ओपीडी का संचालन केवल एक चिकित्सक करते दिखाई दिए। वहीं इमरजेंसी वार्ड सहित कई चिकित्सकीय कक्षों में डॉक्टरों की कुर्सियां खाली पड़ी थीं। मरीज और उनके परिजन डॉक्टरों की तलाश में अस्पताल परिसर में इधर-उधर भटकते रहे।

छह डॉक्टर तैनात, फिर भी उठे सवाल

जानकारी के अनुसार, बिलग्राम सीएचसी में कुल छह चिकित्सकों की तैनाती है। इसके बावजूद अधिकांश डॉक्टरों के मौके पर मौजूद न होने से मरीजों में नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि जब अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सक तैनात हैं, तो इलाज की जिम्मेदारी सिर्फ एक डॉक्टर पर क्यों रही।

सीएचसी प्रभारी ने क्या कहा?

सीएचसी प्रभारी डॉ. हेमंत राजपूत ने बताया कि वह एक आधिकारिक बैठक में शामिल होने गए थे। हालांकि, अन्य चिकित्सकों की अनुपस्थिति के संबंध में उन्होंने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।

स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदारी तय करने और अस्पताल में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग की है।

यह भी पढ़ेंः Hardoi News : शारदा नहर में नहाते समय दो सगी बहनें डूबीं, एक को ग्रामीणों ने बचाया, दूसरी लापता

संबंधित समाचार