Ambedkar Nagar News : मां की हत्या के बाद पहली बार बोले IPS आशुतोष मिश्रा, ‘माल बरामदगी की पुष्टि किसने की?’ गलत खबरों पर जताई नाराजगी
अंबेडकरनगर में 94 वर्षीय इंद्रावती की हत्या के बाद उनके IPS बेटे आशुतोष मिश्रा पहली बार खुलकर सामने आए। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में चल रही जांच पर भरोसा जताया, लेकिन बिना पुष्टि जेवर बरामदगी की खबरें फैलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने पूछा कि जेवर मिले हैं तो कहां हैं और पुष्टि किसने की?
अंबेडकरनगर, अमृत विचार। अंबेडकरनगर के मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा धमरुआ गांव में 94 वर्षीय इंद्रावती की हत्या के बाद उनके बेटे और पुलिस मुख्यालय लखनऊ में तैनात आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा पहली बार खुलकर सामने आए हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों पर भरोसा जताया, लेकिन बिना पुष्टि के जेवर बरामद होने की सूचनाएं प्रसारित किए जाने पर स्थानीय पुलिस अधिकारियों पर नाराजगी जताई।
16 अगस्त को घर में मिला था IPS की मां का शव
बता दें कि इंद्रावती का शव 16 अगस्त की सुबह उनके पैतृक आवास पर मिला था। उनके पहने हुए जेवर गायब थे और मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था। परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या और लूट की प्राथमिकी दर्ज की थी। मामला हाईप्रोफाइल होने के कारण राजनीतिक स्तर पर भी चर्चा में है।
‘जेवर मिले हैं तो कहां हैं, पुष्टि किसने की?’
इसी बीच सोमवार शाम से गायब जेवरों में से कुछ घर से बरामद होने की सूचना प्रसारित हुई। इसके बाद मालीपुर से जिला मुख्यालय तक चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। लोग आशुतोष मिश्रा के घर पहुंचकर जेवर बरामदगी से संबंधित दावों की जानकारी लेने लगे। आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा ने जेवर बरामदगी के दावों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि माल बरामद हुआ है तो वह कहां है और इसकी पुष्टि आखिर किसने की है। उन्होंने कहा कि गहने मिल जाएं और घटना के पीछे का कारण पता चल जाए तो उनके लिए इससे बड़ी बात कुछ नहीं होगी।
DGP से लेकर DIG स्तर तक हो रही निगरानी
उन्होंने जांच में वरिष्ठ अधिकारियों से मिल रहे सहयोग पर भरोसा जताते हुए कहा कि डीजीपी से लेकर एडीजी और डीआईजी स्तर के अधिकारी मामले की लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने स्थानीय अधिकारियों से गलत सूचनाओं के प्रसार को रोकने का प्रयास करने की अपील किया है।
‘मैं मां का पिंडदान कर रहा हूं, कुछ लोग दूसरी बातों में लगे हैं’
अपनी मां की मौत से भावुक आईपीएस अधिकारी ने कहा कि वह इस समय अपनी मां का पिंडदान करने में लगे हैं, लेकिन कुछ लोग दूसरी बातों में लगे हुए हैं। इससे उनकी सामाजिक छवि भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि परिवार इस दुख की घड़ी में घटना की सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहा है और पुलिस की जांच पर भरोसा बनाए हुए है।
कुछ ग्रामीणों और परिजनों से पुलिस कर रही पूछताछ
आईपीएस अधिकारी ने बताया कि पुलिस पूछताछ के लिए गांव के कुछ लोगों के साथ परिवार के सदस्यों को भी ले गई है। उन्होंने पुलिस से अपील की कि पूछताछ के दौरान निर्धारित नियमों का पालन किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि परिवार के सदस्यों के साथ पुलिसिया पूछताछ के तरीकों का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि जांच में सहयोग के लिए परिवार तैयार है, लेकिन पूछताछ प्रक्रिया में नियमों और संवेदनशीलता का ध्यान रखा जाना चाहिए।
हत्या और लूट के मामले में जांच जारी
94 वर्षीय इंद्रावती की मौत के मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है। घटनास्थल से लेकर ग्रामीणों और परिजनों से पूछताछ तक पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। गायब जेवरों और हत्या के पीछे की वजह को लेकर भी पुलिस की पड़ताल जारी है। हाईप्रोफाइल मामले में अब पुलिस की जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं। परिवार ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में निष्पक्ष जांच पूरी होने और घटना की सच्चाई सामने आने की उम्मीद जताई है।
