Sultanpur News: लाइनमैन की मौत से शुरू हुआ विवाद, एसएसओ की पिटाई के बाद पिता ने भी तोड़ा दम; थाने पर हंगामा. जानें पूरा मामला

Amrit Vichar Network
On

लाइनमैन की मौत के बाद विद्युत उपकेंद्र में तोड़फोड़ और SSO की पिटाई

सुलतानपुर के अखंडनगर में लाइनमैन जितेंद्र की मौत के बाद शुरू हुआ विवाद बुधवार को फिर गरमा गया। विद्युत उपकेंद्र में तोड़फोड़ और SSO अजय तिवारी की पिटाई के बाद उनके पिता अशोक तिवारी की भी लखनऊ में मौत हो गई। मामले को लेकर थाने के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जुटी है और भारी पुलिस बल तैनात है।

सुलतानपुर, अमृत विचारः अखंडनगर थाना क्षेत्र के अलीपुर विद्युत उपकेंद्र के संविदा लाइनमैन जितेंद्र की मौत के बाद शुरू हुआ विवाद बुधवार को फिर गरमा गया। मामले में अहरी फिरोजपुर गांव निवासी अजय तिवारी के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, घटना के बाद विद्युत उपकेंद्र में तोड़फोड़ और एसएसओ अजय तिवारी की पिटाई का मामला भी सामने आया है। गंभीर रूप से घायल अजय का लखनऊ में इलाज चल रहा है।

इसी बीच बेटे की पिटाई के सदमे में उनके पिता अशोक तिवारी की भी लखनऊ में मौत हो गई।घटना छह अगस्त की शाम की  है। आरोप है कि लाइनमैन जितेंद्र की मौत के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने अलीपुर विद्युत उपकेंद्र में तोड़फोड़ की और एसएसओ अजय तिवारी के साथ मारपीट की। अजय की हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ ले जाया गया। परिजनों का कहना है कि बेटे की पिटाई का सदमा उनके पिता अशोक तिवारी नहीं सह सके और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

सवर्ण आर्मी संस्थापक पहुंचे थाने

बुधवार को सवर्ण आर्मी के संस्थापक सर्वेश पांडेय अजय तिवारी के घर पहुंचे और उनकी पत्नी को साथ लेकर अखंडनगर थाने पहुंचे। यहां उनकी ओर से तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की जा रही है। सीओ कादीपुर विनय कुमार गौतम से इस संबंध में वार्ता चल रही है।

सीओ का नोटिस सोशल मीडिया पर वायरल

इसी बीच सीओ कादीपुर की ओर से सर्वेश पांडेय को दिया गया नोटिस भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। नोटिस में बीएनएस की धारा 168 का हवाला देते हुए मामले को जातिगत या राजनीतिक रूप न देने की हिदायत दी गई है। सीओ ने चेतावनी दी है कि जातिगत आधार पर माहौल बिगाड़ने का प्रयास होने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।स्थिति को देखते हुए कादीपुर कोतवाल दीपेंद्र विक्रम सिंह और अखंडनगर थाना प्रभारी धीरेन्द्र कुमार वर्मा के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। थाने के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जुटी है और पुलिस स्थिति पर नजर रख रही है।

संबंधित समाचार