Barabanki News : देवा महोत्सव की तैयारियां तेज, एडीएम ने मेला परिसर का किया निरीक्षण

Amrit Vichar Network
On

अक्टूबर के अंत में प्रस्तावित दस दिवसीय मेले को भव्य बनाने की कवायद शुरू

बाराबंकी के प्रसिद्ध देवा महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। अक्टूबर के अंत में प्रस्तावित दस दिवसीय मेले को लेकर एडीएम निरंकार सिंह ने मेला परिसर का निरीक्षण किया। पशु मंडियां, झूले, सर्कस और सांस्कृतिक कार्यक्रम महोत्सव के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।

देवा/बाराबंकी, अमृत विचार। ऐतिहासिक व  प्रसिद्ध देवा महोत्सव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। अक्टूबर माह के अंत में प्रस्तावित दस दिवसीय महोत्सव को व्यवस्थित एवं भव्य बनाने के लिए बुधवार को देवा मेला प्रदर्शनी समिति के सचिव एवं अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह ने मेला परिसर का निरीक्षण किया।

उन्होंने विभिन्न स्थलों का जायजा लेकर कर्मचारियों से आयोजन एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। देवा महोत्सव सूफी संत हाजी वारिस अली शाह के पिता सैयद कुर्बान अली शाह की स्मृति में आयोजित होता है। मेले में श्रद्धालुओं के साथ बड़ी संख्या में व्यापारी, पशुपालक और ग्रामीण पहुंचते हैं। यहां लगने वाली विशाल पशु मंडियां खास आकर्षण होती हैं, जहां घोड़े, गधे, खच्चर, गाय और भैंस की खरीद-फरोख्त होती है।

दस दिवसीय मेले में बड़े झूले, सर्कस और देश-प्रदेश के कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहते हैं। निरीक्षण के दौरान मेला सुपरवाइजर इत्तेदार अहमद शक्कू, मेला जिलेदार शमीम अहमद समेत मेला समिति के कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों के निरीक्षण के बाद मेला परिसर की व्यवस्थाओं को लेकर विभागीय तैयारियां और तेज होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें:-Barabanki News : डॉ. जोहा मेराज ने बढ़ाया जिले का मान, अवध विश्वविद्यालय में टॉप करने पर मिला कुलपति स्वर्ण पदक

संबंधित समाचार