Barabanki News : नगर पंचायत कर्मियों का दूसरे दिन भी धरना जारी, ईओ और नगर अध्यक्ष आमने-सामने

Amrit Vichar Network
On

वेतन, पीएफ व सुरक्षा समेत मांगों को लेकर आंदोलन

रामसनेहीघाट नगर पंचायत के कर्मचारियों का विभिन्न मांगों को लेकर धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। कर्मचारी वेतन, पीएफ, सुरक्षा और ड्यूटी संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं। ईओ ने मांगों को जायज बताया, लेकिन नगर अध्यक्ष पर कार्य बहिष्कार के लिए उकसाने का आरोप लगाया। नगर अध्यक्ष ने आरोपों को खारिज कर ईओ पर कर्मचारियों से अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया।

रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार। नगर पंचायत रामसनेहीघाट के कर्मचारियों का विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार से शुरू हुआ धरना बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। सफाई कर्मचारी, सुपरवाइजर, ड्राइवर, पंप ऑपरेटर समेत आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने वेतन, पीएफ, सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की। कर्मचारियों ने कहा कि समस्याओं का ठोस समाधान होने तक आंदोलन जारी रहेगा और जरूरत पड़ी तो इसे और तेज किया जाएगा।

ईओ और नगर अध्यक्ष के बीच विवाद से बढ़ी चुनौती

मामले में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार चौधरी ने कर्मचारियों की मांगों को जायज बताते हुए नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही। हालांकि उन्होंने आरोप लगाया कि नगर अध्यक्ष के कहने पर कर्मचारियों को कार्य बहिष्कार के लिए उकसाया गया।

नगर अध्यक्ष बोले- कर्मचारियों के साथ हो रहा अभद्र व्यवहार

वहीं नगर अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश यादव ने ईओ के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि ईओ कर्मचारियों के साथ मनमाना रवैया अपना रहे हैं और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। कर्मचारियों के धरने से नगर पंचायत की व्यवस्थाओं पर असर पड़ने की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में प्रशासन के सामने कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के साथ ईओ और नगर अध्यक्ष के बीच बढ़ते विवाद को शांत कराने की चुनौती है।

संबंधित समाचार