लखनऊ विश्वविद्यालय में राज्यपाल की फटकार के बाद कार्रवाई, निर्माण अधीक्षक-चीफ प्रोवोस्ट समेत कई को नोटिस

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

69वें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंच से गिनाई थीं विश्वविद्यालय की कमियां; कुलपति के निर्देश पर कुलसचिव ने जिम्मेदार अधिकारियों से मांगा जवाब

लखनऊ, अमृत विचार: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने लखनऊ विश्वविद्यालय के 69वें दीक्षांत समारोह में मंच से जिन कमियों को उजागर किया था, उसे लेकर लखनऊ विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। इस बारे में कुलपति के निर्देश पर कुलसचिव ने सभी जिम्मेदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। कुलसचिव डॉ. भावना मिश्रा ने बताया कि कुलपति के निर्देश पर निर्माण अधीक्षक डॉ. श्यामलेश तिवारी, चीफ प्रोवोस्ट प्रोफेसर आशीष अवस्थी, कंप्यूटर विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. पुनीत मिश्रा समेत कई अन्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

कुलसचिव डॉ. भावना मिश्रा का कहना है कि दीक्षांत से पूर्व जनभवन की टीम ने विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया था। जिसमें उन्हें कई तरह की कमियां दिखीं। जिसे दीक्षांत समारोह में राज्यपाल ने मंच से सभी के सामने भी रखा था, उसी के संबंध में सभी जिम्मेदार लोगों को नोटिस जारी कर आख्या मांगी गई है। उनसे प्राप्त जवाब के आधार पर ही जनभवन को जवाब भेजा जाएगा। उल्लेखनीय है कि दीक्षांत समारोह के दौरान जब राज्यपाल व कुलाधिपति विश्वविद्यालय की कमियों को उजागर कर रही थी तब विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारी सन्न रह गए थे और कुलपति प्रो. जेपी सैनी राज्यपाल की एक-एक बात को लिख रहे थे।

राज्यपाल ने मंच से कहा था कि

1-मेस शुरू न होने से गोल्डन जुबली और बीरबल साहनी छात्रावास में कुछ छात्र खुद खाना बना रहे थे।

2-पांच छात्रावासों में वाशिंग मशीन और 12 छात्रावासों में वाई-फाई की सुविधा नहीं है।

3-पनीर और दूध के प्रोडक्ट लोकल वेंडर से लिया जा रहा है।

4-कंप्यूटर साइंस, वनस्पति विज्ञान विभाग और टैगोर लाइब्रेरी के सामने साफ-सफाई नहीं है।

5-विश्वविद्यालय में स्क्रैप (कबाड़) काफी मात्रा में है, इसकी नीलामी होनी चाहिए।

6-फायर सेफ्टी के साधन काफी पुराने। अधिकतर साधन की एक्सपायरी डेट हो चुकी है।

7-कैंपस में पीने के शुद्ध पानी के लिए आरओ की सुविधा संतोषजनक नहीं है।

यह भी पढ़ेंः 30 साल बाद लखनऊ ग्रुप का कमाल! भाषा विश्वविद्यालय के NCC कैडेट प्रशांत यादव ने रचा इतिहास, दिलाई ओवरऑल ट्रॉफी

संबंधित समाचार