Hardoi News: संडीला में डबल मर्डर से सनसनी, दो दोस्तों की गोली मारकर हत्या; पुलिस ने बनाई तीन टीमें
अतरौली रोड पर सड़क किनारे मिले शव, वारदात के खुलासे के लिए पुलिस ने गठित की तीन टीमें
हरदोई के संडीला में दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दोनों के शव सड़क किनारे मिले। पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए तीन टीमें गठित की हैं।
हरदोई। संडीला कोतवाली क्षेत्र में दो युवकों की गोली मारकर हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों युवकों के शव अतरौली रोड से तकिया आटामऊ गांव जाने वाले रास्ते पर सड़क किनारे मिले। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम और सीओ संडीला संतोष कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं।
कनपटी पर गोली मारकर की गई हत्या
पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 9:37 बजे यूपी-112 पर सूचना मिली कि संडीला कोतवाली क्षेत्र में अतरौली रोड से तकिया आटामऊ जाने वाले रास्ते पर जल जीवन मिशन की पानी की टंकी से करीब 500 मीटर पहले दो युवकों के शव पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस को दोनों युवकों के सिर और चेहरे पर चोट के निशान मिले। जांच में सामने आया कि दोनों की गोली मारकर हत्या की गई है। दोनों मृतक कछौना क्षेत्र के रहने वाले मृतकों की पहचान अरुण चौरसिया (26 वर्ष), निवासी रैंसों, कछौना अभिषेक चौरसिया (27 वर्ष), निवासी गौहनिया, कछौना के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों युवक आपस में दोस्त थे।
पुलिस ने शुरू की जांच, कई पहलुओं पर नजर
https://twitter.com/hardoipolice/status/2082711035127955918
डबल मर्डर की सूचना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है और कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। एसपी के निर्देश पर गठित तीनों पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश और घटना के खुलासे के लिए लगातार छानबीन कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या की असली वजह और आरोपियों की जानकारी सामने आएगी।
इन सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस दोनों युवक अपने घर से इतनी दूर क्यों पहुंचे थे? क्या किसी बहाने से उन्हें घटनास्थल पर बुलाया गया था? क्या मामला किसी प्रेम प्रसंग या आपसी विवाद से जुड़ा है? क्या हत्यारे आसपास के इलाके के रहने वाले हैं?
ये भी पढ़ें :
UP Education News: सरकारी स्कूलों पर नहीं लगेगा ताला, छात्रों की संख्या के आधार पर होगी व्यवस्था
