Unnao News : पारिवारिक विवाद में पति ने लगाई खुद को आग, बचाने में पत्नी भी झुलसी, जानें पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

रजिस्ट्री से पहले दंपति में हुआ विवाद, बाथरूम में बंद होकर युवक ने उठाया आत्मघाती कदम; 90 फीसदी से अधिक झुलसा

उन्नाव शहर में प्लॉट को लेकर हुए पारिवारिक विवाद के बाद एक युवक ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। उसे बचाने के प्रयास में पत्नी भी झुलस गई। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पति की हालत गंभीर बताई गई है।

उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव शहर में पारिवारिक विवाद के चलते पति ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा ली। पति को बचाने में पत्नी भी झुलस गई। परिजनों ने झुलसे दंपति को जिला अस्पताल पहुंचाया।बारासगवर थानाक्षेत्र के धानी खेड़ा गांव के मूल निवासी ह्रदेश  तिवारी पुत्र चंद्र किशोर वर्तमान में सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कल्याणी देवी खजुरिया बाग नई बस्ती में अपने मकान में रहता है। 

पहली पत्नी की मौत के बाद उसने नवाबगंज निवासी रानू से करीब दो साल पहले दूसरी शादी की थी। रानू की ह्रदेश से यह तीसरी शादी थी। बताते हैं कि रानू ने अपने दो बच्चों के भविष्य के लिए ह्रदेश से एक प्लाट उसके नाम करने की शर्त पर शादी की थी। प्लाट नाम न करने को लेकर दंपति में अक्सर विवाद होता था। 

बाथरूम में बंद होकर लगाई आग

रानू ने इसकी शिकायत पुलिस से की जिसके बाद गुरुवार को रजिस्ट्री होने की बात तय हुई। गवाही के तौर पर रानू के मायके वाले भी घर पर मौजूद थे। तभी किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ। इसके बाद ह्रदेश ने खुद को बाथरूम में बंद कर आग लगा ली। धुआं व चीख सुनकर दौड़े परिजनों ने किसी तरह दरवाजा खोला। आग बुझाने में रानू के हाथ भी झुलस गए। 

पति की हालत गंभीर

परिजनों ने एंबुलेस से दंपति को जिला अस्पताल भेजा। मामले की जानकारी पर अस्पताल चौकी पुलिस ने घटना के संबंध में जानकारी ली। ईएमओ ने बताया कि ह्रदेश करीब 90 फीसदी से अधिक झुलसा है। वहीं महिला भी करीब 10 प्रतिशत झुलसी है।

संबंधित समाचार