Bareilly News : शेरगढ़ में पारिवारिक विवाद में सगे भाई की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

बरेली के शेरगढ़ में सनसनीखेज वारदात, भाइयों के बीच हुए विवाद में एक की गोली मारकर हत्या

खजुआ जागीर गांव में गुरुवार रात तीनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर हुआ था विवाद। गोली लगने से घायल इसरार ने अस्पताल में तोड़ा दम, हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं।

बरेली, अमृत विचार। बरेली जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जिले के शेरगढ़ थाना क्षेत्र के खजुआ जागीर गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक भाई ने अपने ही सगे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और इलाके में दहशत का माहौल है।

शेरगढ़ थाना क्षेत्र के खजुआ जागीर निवासी इसरार, गुड्डू और असलम सगे भाई हैं। गुरुवार रात करीब साढ़े दस बजे घर में ही तीनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर आपस में विवाद हो गया। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि इसी दौरान अचानक गोली चल गई। यह गोली सीधे इसरार को लगी और वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
गोली चलने की आवाज और इसरार को लहूलुहान देख घर में चीख-पुकार मच गई। बदहवास परिवार वाले तत्काल इसरार को इलाज के लिए भोजीपुरा स्थित श्री राममूर्ति मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। लेकिन, वहां परीक्षण करने के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
गांव से इस जघन्य घटना की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर सिरौली राजेश कुमार मौर्य पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों तथा आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की विस्तृत जानकारी ली।

मामले को लेकर सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि भाइयों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था और इसी दौरान चली गोली में एक युवक (इसरार) की मौत हो गई है। अभी तक हत्या का सटीक कारण सामने नहीं आ सका है। स्थानीय पुलिस पूरे मामले की सघन जांच कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर दिया गया है और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है।

संबंधित समाचार