कांवड़ यात्रा से पहले यूपी पुलिस सख्त, डीजे संचालकों को नोटिस; नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई
मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा को देखते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। यात्रा के दौरान नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस ने डीजे संचालकों को नोटिस भेजना शुरू कर दिया है। नोटिस में ध्वनि की निर्धारित सीमा और वाहनों की ऊंचाई से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसमें डीजे उपकरणों को जब्त करने जैसी कार्रवाई भी शामिल हो सकती है।
पुलिस अधीक्षक (नगर) अमृत जैन ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस ने कांवड़ यात्रा के लिए डीजे संचालकों की पहचान शुरू कर दी है। अब तक गाजियाबाद, दिल्ली, सोनीपत, फरीदाबाद, करनाल, मेरठ, मुजफ्फरनगर और नोएडा के करीब 348 डीजे संचालकों को चिन्हित किया गया है।
उन्होंने बताया कि सभी संचालकों को कांवड़ यात्रा के लिए निर्धारित मानकों और दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए नोटिस जारी किए जा रहे हैं। पुलिस का उद्देश्य यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना है।
बता दें कि इस वर्ष कांवड़ यात्रा 30 जुलाई से शुरू होकर 11 अगस्त तक चलेगी। इस दौरान राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचेंगे। यहां से कांवड़िए गंगाजल लेकर अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित शिव मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।पुलिस प्रशासन ने यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए यातायात व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और नियमों के पालन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं।
