Pilibhit News : मुख्य डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी, BDS और खुफिया टीमें जांच में जुटीं
पीलीभीत के मुख्य डाकघर को ईमेल के जरिए मिली बम से उड़ाने की धमकी। पुलिस, बम निरोधक दस्ता और खुफिया विभाग ने परिसर को घेरा
गुरुवार शाम को डाकघर के ईमेल पर आया था धमकी भरा संदेश। शुक्रवार सुबह से एलएच शुगर फैक्ट्री के सामने स्थित डाकघर परिसर में चल रहा सघन चेकिंग अभियान। पुलिस ने की लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील।
पीलीभीत, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत शहर स्थित मुख्य डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। गुरुवार शाम को यह धमकी एक ईमेल के जरिए दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डाक विभाग ने तुरंत उच्चाधिकारियों और स्थानीय पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से अलर्ट हो गई हैं।
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे से शहर में एलएच शुगर फैक्ट्री के सामने स्थित मुख्य डाकघर परिसर में बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS), खुफिया विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया। मौके पर सुनगढ़ी थाना पुलिस भी मुस्तैद है। सुरक्षा के मद्देनजर डाकघर आने वाले हर एक व्यक्ति और उसके सामान की गहन जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके। गनीमत यह है कि अब तक की जांच में परिसर से कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
ईमेल आईडी और आईपी एड्रेस ट्रेस कर रही साइबर सेल
मामले को लेकर सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि ईमेल के माध्यम से डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके तुरंत बाद पुलिस बल, खुफिया विभाग और अन्य एजेंसियों को मौके पर भेजकर पूरे परिसर की गहन जांच कराई जा रही है। सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
सीओ सिटी ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराने की बजाय पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें। वहीं, दूसरी ओर पुलिस और साइबर सेल की टीमें उस ईमेल आईडी और आईपी एड्रेस (IP Address) का पता लगाने में जुट गई हैं, जहां से यह धमकी भरा संदेश भेजा गया था। मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।
