Lucknow News: नीट परीक्षा से तनाव में चल रहे छात्र ने की आत्महत्या
नहीं मिला सुसाइड नोट, पुलिस ने मोबाइल कब्जे में लिया
कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचार: चिनहट के कमता स्थित मुरलीपुरा कॉलोनी में नीट यूजी की पुनर्परीक्षा के बाद से डिप्रेशन में चल रहे छात्र ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मां ने बेटे को लटका देख शोर मचाया। पड़ोसियों की मदद से फंदे से उतारकर छात्र को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि छानबीन के दौरान कमरे में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मोबाइल को कब्जे में लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
मुरलीपुरा कॉलोनी निवासी अनीता शिक्षिका हैं। पति की कुछ वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। उनका बेटा विष्णु वर्मा (20) नीट की तैयारी कर रहा था। घर पर सिर्फ मां-बेटा ही रहते हैं। गुरुवार रात अनीता ने बेटे को खाना खाने के लिए बुलाया तो उसने कुछ देर बाद खाने की बात कही। इसके बाद अनीता छत पर टहलने चली गयी। रात करीब पौने 11 बजे वह नीचे आईं। बेटे को खाने के लिए बुलाने गईं तो कमरा अंदर से बंद था। अनीता ने आवाजें दी, दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसपर उन्होंने खिड़की से झांका तो विष्णु पंखे में बंधे दुपट्टे से लटका दिखा। यह देख वह चीख पड़ी। शोर सुनकर पड़ोसी मदद के लिए पहुंचे।
पड़ोसियों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर विष्णु को फंदे से नीचे उतारा। आनन-फानन में उसे लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने विष्णु को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर चिनहट पुलिस पहुंची। मां ने पुलिस को बताया कि विष्णु ने 3 मई को नीट यूजी की परीक्षा दी थी। लेकिन पेपर लीक के चलते परीक्षा रद्द हो गई थी। इसके बाद दोबारा परीक्षा 21 जून को दी थी। परीक्षा के बाद से ही विष्णु परेशान था। पुलिस ने कमरे में छानबीन की, लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिया है।
