बरेली न्यूज : कलियर दरगाह से हाजिरी देकर बरेली लौट रहे जायरीन की कार डंपर में घुसी, एक की मौत-चार घायल
नींद की झपकी बनी काल, पीछे से डंपर में घुस गई
नदीम अपने दोस्त के परिवार के साथ कलियर शरीफ दरगाह पर हाजिरी देने गए थे। शुक्रवार की रात कार से बरेली लौट रहे थे। नदीम खुद कार चला रहे थे। रास्ते में अचानक उन्हें झपकी आ गई। कार पीछे से डंपर में जा घुसी।
अमृत विचार, बरेली : उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित कलियर शरीफ दरगाह से हाजिरी देकर बरेली लौट रहे जायरीन की कार डंपर में घुस गई। हादसें में नदीम नामक एक युवक की मौत हो गई है, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को रुद्रपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने नदीम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दुर्घटना की खबर से बरेली के शीशगढ़ में कोहराम मच गया।
शीशगढ़ के जाफरपुर गांव के रहने वाले नदीम अपने दोस्त के परिवार के साथ कलियर शरीफ दरगाह पर हाजिरी देने गए थे। बुधवार को जायरीन कार से कलियर के लिए रवाना हुए। शुक्रवार को वहां से वापस बरेली लौट रहे थे।
एक झपकी में गई जान
कार में नदीम के साथ उनके उनके दोस्त इरफान, उनकी पत्नी अंजुम, बेटी और अंजुम की मां थीं। शुक्रवार की रात कार काशीपुर लिंक, रुद्रपुर रोड पर महतोष मोड़ के पास पहुंची। इसी बीच ड्राईव को अचानक झपकी आ गई। वह कार से नियंत्रण खो बैठा। रोड के किनारे एक डंपर खड़ा था। कार सीधे डंपर में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार सवार सभी यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पुलिस ने सभी को निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टरों ने 25 वर्षीय नदीम को मृत घोषित कर दिया। दो साल की मासूम मन्नत का पैर टूट गया। इरफान, पत्नी और अंजुम को गंभीर चोटें आई हैं।
उनका एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतक नदीम के भाई वसीम ने बताया कि गाड़ी नदीम ही चला रहे थे। छह लोग बैठे थे। झपकी आने पर कार डंपर में घुस गई। इसमें नदीम की मौत हो गई।
