राम भक्तों की आस्था से खिलवाड़ सबसे बड़ा पाप, विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने चढ़ावा चोरी करने वालों को बताया 'चोर-डकैत'

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

गोंडा, अमृत विचार। अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े कथित चोरी प्रकरण पर विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि करोड़ों राम भक्तों की आस्था के साथ खिलवाड़ करना सबसे बड़ा पाप है। उन्होंने कहा कि इस मामले में जो भी दोषी होगा, चाहे वह छोटी मछली हो या बड़ी, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। मामले की निष्पक्ष जांच चल रही है और सभी तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

विदेश राज्य मंत्री ने कहा कि चढ़ावा चोरी करने वाले चोर-डकैत हैं। जहां इन्हें मौका मिलता है, वहां अपना काम कर लेते हैं। इससे बड़ा घृणित कार्य कोई नहीं हो सकता। करोड़ों लोगों की श्रद्धा और विश्वास से जुड़ी धनराशि में गड़बड़ी करना आस्था के साथ सीधा खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि इससे बड़ा पाप का काम और कोई नहीं हो सकता। 

भगवान राम के भक्त पूरे देश-दुनिया में हैं और उनकी आस्था का सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है। कीर्तिवर्धन सिंह ने स्पष्ट कहा कि मामले की जांच पूरी तरह निष्पक्ष ढंग से की जा रही है। उन्होंने कहा, चाहे कोई छोटी मछली हो या बड़ी मछली, कोई भी इस मामले में बच नहीं पाएगा। दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होगी।

चंपत राय का किया बचाव

विदेश राज्यमंत्री ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय का बचाव करते हुए कहा कि किसी बड़े संस्थान में शीर्ष पद पर बैठे व्यक्ति को हर छोटी-बड़ी गतिविधि की जानकारी होना जरूरी नहीं है। उन्होंने कहा कि चंपत राय इतने ऊंचे पद पर हैं। जरूरी नहीं कि उन्हें हर बात की जानकारी हो। संभव है कि वे कुछ लोगों के विश्वास में आ गए हों।

भविष्य में नहीं होगी पुनरावृत्ति

विदेश राज्य मंत्री ने कहा कि इस घटना से सबक लेते हुए ऐसी व्यवस्था विकसित की जा रही है, जिससे भविष्य में इस प्रकार की कोई स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पारदर्शिता और निगरानी की व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं के विश्वास पर किसी प्रकार की आंच न आए। उन्होंने कहा कि सरकार और संबंधित संस्थाएं इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से ले रही हैं तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इससे श्रद्धालुओं का विश्वास और अधिक मजबूत होगा।

ये भी पढ़ें  :
लखनऊ: अमीनाबाद में धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में युवक गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर हुई थी दोस्ती

संबंधित समाचार