गोंडा में 709 दिव्यांगजनों को मिले 1030 सहायक उपकरण, केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

- ADIP शिविर में केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री ने दिव्यांगजनों को बांटे सहायक उपकरण

गोंडा, अमृत विचार। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की एडीआईपी योजना के तहत शनिवार को स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित सामाजिक अधिकारिता शिविर में 709 दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार 1030 सहायक उपकरण नि:शुल्क वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री एवं गोण्डा सांसद कीर्ति वर्धन सिंह ने लाभार्थियों को उपकरण वितरित किए और छूटे हुए पात्र दिव्यांगजनों को अगले शिविर में प्राथमिकता के आधार पर लाभ दिलाने के निर्देश दिए। शिविर का आयोजन एलिम्को की ओर से किया गया। 

ADIP शिविर में 17 हजार से अधिक के उपकरण

Untitled design (7)

लाभार्थियों को 233 मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, 335 ट्राईसाइकिल, 72 फोल्डिंग व्हीलचेयर, 326 बैसाखियां, 46 श्रवण यंत्र, 55 फोल्डेबल वॉकर, 187 वॉकिंग स्टिक, 29 सुगम्य केन सहित कुल 1030 सहायक उपकरण प्रदान किए गए। इन लाभार्थियों का चयन जनवरी 2025 और मई 2026 में आयोजित परीक्षण शिविरों के आधार पर किया गया था।

दिव्यांगजनों को मिली ट्राइसिकल और व्हीलचेयर

केंद्रीय राज्यमंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार दिव्यांगजनों के सम्मान, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र दिव्यांगजन को योजना के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि इस बार किसी कारणवश छूट गए पात्र दिव्यांगजनों का चिन्हांकन कर सूची तैयार कराई जाए, ताकि आगामी शिविर में उन्हें भी सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा सकें। 

आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े गोंडा के दिव्यांगजन

Untitled design (8)

उन्होंने यह भी बताया कि दिव्यांगजनों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से दिलाने के लिए विशेष कार्ड विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि सभी पात्र दिव्यांगजनों तक शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे। उन्होंने बताया कि छूटे हुए पात्र लाभार्थियों का पुनः सर्वे कराकर उन्हें अगले शिविर में लाभान्वित किया जाएगा। 

छूटे हुए पात्रों को अगले शिविर में मिलेगी प्राथमिकता

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री ने मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल प्राप्त करने वाले लाभार्थियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और उनके उज्ज्वल व आत्मनिर्भर भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विधायक रमापति शास्त्री, विधायक प्रभात वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, भाजपा जिलाध्यक्ष, अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी माधवी पाण्डेय, एलिम्को के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में दिव्यांगजन व उनके परिजन मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  : 
गोंडा : स्टेशन यार्ड में टॉवर वैगन से कॉपर केबल काटता युवक रंगे हाथ गिरफ्तार, 6 केबल बरामद

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज