Ayodhya News : सपा सरकार बनने पर अयोध्या को बनाएंगे अनुपम धार्मिक नगरी, राम मंदिर चंदा विवाद के बीच अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान
राम मंदिर चढ़ावा और चंदा विवाद के बीच अखिलेश यादव ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि सपा सरकार बनने पर अयोध्या को विश्वस्तरीय धार्मिक नगरी बनाया जाएगा। भाजपा पर भी साधा निशाना।
लखनऊ। राम मंदिर चढ़ावा और चंदा विवाद के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बड़ा राजनीतिक दांव चलते हुए ऐलान किया है कि यदि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो अयोध्या को दुनिया की सबसे उत्कृष्ट धार्मिक नगरी के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार आस्था, आध्यात्मिकता और सनातन परंपराओं के अनुरूप अयोध्या का समग्र विकास करेगी।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि समाजवादी पार्टी धर्मनिष्ठा और सत्यनिष्ठा के साथ संकल्प लेती है कि नई सरकार बनने पर अयोध्या को ऐसी अनुपम और अनुकरणीय धार्मिक नगरी बनाया जाएगा, जहां देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सच्ची आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के आशीर्वाद से अयोध्या को आस्था, श्रद्धा, अखंड विश्वास और सच्ची भावना के 'सियाराम धाम' के रूप में पुनर्स्थापित किया जाएगा। साथ ही अयोध्या के लोगों के पारंपरिक सम्मान और अधिकारों को भी पुनः स्थापित किया जाएगा।
भाजपा का लंकाकांड अयोध्या में ही होगा - अखिलेश यादव
राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए सपा प्रमुख ने एक अन्य पोस्ट में लिखा कि "भाजपा का लंकाकांड अयोध्या में ही होगा।" उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर के चढ़ावे और चंदे से जुड़े विवाद ने भाजपा के कथित "दानभक्तों" का असली चेहरा उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा कि भगवान की शक्ति ने सच्चाई सामने ला दी है और अब भाजपा के अहंकार का अंत होना तय है।
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि जो सरकार यह दावा करती थी कि उसके शासन में इस्तीफे नहीं होते, अब उसी सरकार में चढ़ावा और चंदा विवाद के बाद इस्तीफे सामने आ रहे हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जनता कह रही है कि भाजपा नेता "इस्तीफा" नहीं बल्कि "त्यागपत्र" देने की बात कर रहे हैं।
सपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि यह तो भाजपा और उससे जुड़े लोगों के कथित मामलों का पहला अध्याय है। आने वाले समय में कई और खुलासे होंगे और एक-दूसरे के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होगा। उन्होंने कहा कि हर मामले का हिसाब जनता और कानून के सामने आएगा।
