आगरा में पारा 42.8 डिग्री पार, 50-60 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया हीट इंडेक्स, जानिए कब मिलेगी उमस से राहत
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी, उमस और जानलेवा लू का सामना कर रहे लोगों के लिए मौसम विभाग से बड़ी अपडेट आई है। राज्य में अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है। हालांकि, इसके बाद तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट आ सकती है। वहीं, न्यूनतम तापमान अगले दो दिनों तक लगभग स्थिर रहेगा और उसके बाद इसमें 5 से 7 डिग्री सेल्सियस की कमी आने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में इन जिलों में दर्ज हुआ रिकॉर्ड तापमान
मौसम केंद्र द्वारा शनिवार शाम जारी किए गए हीट वेव बुलेटिन के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया। इनमें मुख्य रूप से शामिल हैं, सामान्य से काफी अधिक तापमान वाले जिले: लखनऊ, बाराबंकी, लखीमपुर खीरी, वाराणसी, बलिया, बहराइच, प्रयागराज, बांदा, सुल्तानपुर, गाजीपुर, बरेली, शाहजहांपुर और अलीगढ़। सामान्य से ऊपर तापमान वाले जिले हरदोई, कानपुर, झांसी, उरई, हमीरपुर, मेरठ और आगरा।
शनिवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के लखनऊ, बाराबंकी, लखीमपुर खीरी, गोरखपुर, वाराणसी, बलिया, बहराइच, प्रयागराज, बांदा, सुल्तानपुर, गाजीपुर और फतेहगढ़ तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बरेली, शाहजहांपुर और अलीगढ़ में गंभीर लू (हीट वेव) की स्थिति दर्ज की गई। इसके अलावा, फतेहगढ़ और लखीमपुर खीरी में गर्म रात (वार्म नाइट) की स्थिति भी बनी रही।
आगरा सबसे गर्म, हीट इंडेक्स पहुंचा 60 डिग्री के पार
शनिवार दोपहर 2:30 बजे के दर्ज आंकड़ों के अनुसार, आगरा का तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पूरे प्रदेश में सर्वाधिक था। इसके अलावा अन्य प्रमुख शहरों का तापमान इस प्रकार रिकॉर्ड किया गया। इनमे वाराणसी का पारा 41.6 डिग्री सेल्सियस, सुल्तानपुर में 41.3 डिग्री सेल्सियस, लखनऊ एयरपोर्ट और झांसी में 41.0 डिग्री सेल्सियस, प्रयागराज और बरेली में 40.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
क्या रहा जिलों का ताप सूचकांक (Heat Index)?
50 से 60 डिग्री सेल्सियस के बीच आगरा, फिरोजाबाद, हाथरस, मथुरा, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, चंदौली, अयोध्या, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती और महाराजगंज। वही लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, अमेठी, जौनपुर, आजमगढ़, सोनभद्र और रायबरेली का पारा 40 से 50 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
28 और 29 जून को भीषण लू का रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने 28 और 29 जून को प्रदेश के कई जिलों में लू तथा कुछ जिलों में अत्यंत भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की है। भीषण लू की संभावना वाले जिले: बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, गोंडा और बलरामपुर। प्रयागराज, वाराणसी, गाजीपुर, हरदोई, लखनऊ, कानपुर, आगरा, अलीगढ़, बरेली, झांसी, मथुरा, फिरोजाबाद और अन्य अनेक जिले।
2 जुलाई से राहत के संकेत
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 30 जून तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लू का कड़ा असर बने रहने की संभावना है, जबकि 2 जुलाई से आम जनता को इस भीषण गर्मी से राहत मिलने के संकेत हैं।
मौसम विभाग द्वारा जारी एडवायजरी
भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने आम नागरिकों, किसानों और श्रमिकों के लिए जरूरी सलाह जारी की है, आम जन के लिए: दोपहर 11 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। पर्याप्त मात्रा में पानी और ओआरएस जैसे तरल पदार्थों का सेवन करते रहें। हल्के सूती वस्त्र पहनें और धूप में निकलते समय सिर को सूती कपड़े या छाते से ढंककर रखें। फसलों को सूखने से बचाने के लिए खेतों में नियमित रूप से सिंचाई जारी रखें। तेज धूप और हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए जरूरी उपाय अपनाएं और सीधी धूप में काम करने से बचें।
