Varanasi News : ग्रामीण फरियादियों की शिकायतों पर डीएम सख्त, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
वाराणसी। वाराणसी के जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन के दौरान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने प्रत्येक शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
जनता दर्शन के दौरान प्राप्त शिकायतों के संबंध में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर शासन की मंशा के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। विशेष रूप से भूमि संबंधी विवादों के समाधान के लिए पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को तत्काल मौके पर जाकर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
https://twitter.com/deo_varanasi/status/2070769893885329596
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता जन शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शिकायतों के निस्तारण के लिए स्वयं स्थलीय निरीक्षण करें और कार्य को अधीनस्थों के भरोसे न छोड़ें। साथ ही निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रत्येक शिकायत का समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होने समस्त जनपद स्तरीय अधिकारियों से कहा कि वे प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक अपने कार्यालय में बैठकर फरियादियों की समस्याओं की सुनवाई एवं निस्तारण करें। उन्होंने अधिकारियों को अपने दायित्वों के प्रति संवेदनशील रहते हुए कार्यों का सुचारु रूप से संपादन करने के भी निर्देश दिए।
