गोंडा : स्टेशन यार्ड में टॉवर वैगन से कॉपर केबल काटता युवक रंगे हाथ गिरफ्तार, 6 केबल बरामद

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

17 हजार रुपये मूल्य के 6 कॉपर केबल बरामद

गोंडा, अमृत विचार। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गोंडा रेलवे स्टेशन यार्ड में रेल संपत्ति चोरी की कोशिश को नाकाम करते हुए एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी टॉवर वैगन के अंडर फ्रेम में लगे कॉपर केबल को हेक्सा ब्लेड से काट रहा था।

उसके कब्जे से छह कॉपर केबल बरामद किए गए हैं। आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक अनिरुद्ध राय ने बताया कि वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त अरुण त्रिपाठी व सहायक सुरक्षा आयुक्त महेंद्र प्रसाद दुबे के निर्देशन में शुक्रवार को स्टेशन यार्ड में विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा था। 

इसी दौरान आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने स्टेशन यार्ड में खड़ी टॉवर वैगन के अंडर फ्रेम से कॉपर केबल काट रहे एक युवक को मौके से दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहित कुमार पुत्र संजय वाल्मीकि निवासी सतईपुरवा, थाना कोतवाली नगर, जनपद गोंडा के रूप में हुई है। उसके पास से सफेद प्लास्टिक की बोरी में विभिन्न आकार के छह कॉपर केबल बरामद हुए।

बरामद केबल की अनुमानित कीमत करीब 17 हजार रुपये बताई गई है। इस मामले में आरपीएफ पोस्ट गोंडा पर रेल संपत्ति अधिनियम की धारा 3 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अमरदेव प्रसाद को सौंपी गयी है।

ये भी पढ़ें  : 
राम भक्तों की आस्था से खिलवाड़ सबसे बड़ा पाप, विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने चढ़ावा चोरी करने वालों को बताया 'चोर-डकैत'

 

संबंधित समाचार