Delhi University Admission : 2026-27 के लिए स्नातक दाखिले का पंजीकरण शुरू, CUET-UG अंकों के आधार पर मिलेगा प्रवेश
दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय ने साझा सीट आवंटन प्रणाली (CSAS) के माध्यम से पंजीकरण का पहला चरण शुरू कर दिया है। 26 जून को जारी की गई आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, जिन अभ्यर्थियों ने साझा विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (CUET-UG 2026) में भाग लिया है, वे डीयू के कॉलेजों में एडमिशन के लिए सीएसएएस पोर्टल पर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
67 कॉलेजों की सीटों के लिए CUET-UG 2026 स्कोर अनिवार्य
दिल्ली विश्वविद्यालय के 67 कॉलेजों में संचालित होने वाले 73 स्नातक (UG) और 100 से अधिक बीए (BA) पाठ्यक्रमों में दाखिला केवल सीयूईटी-यूजी 2026 के अंकों के आधार पर ही दिया जाएगा। इसके लिए छात्रों को विश्वविद्यालय द्वारा तय की गई पाठ्यक्रम-विशिष्ट योग्यताओं और पात्रता को पूरा करना होगा। अभ्यर्थी केवल अपने सीयूईटी-यूजी 2026 के आवेदन नंबर (Application Number) का उपयोग करके ही सीएसएएस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
'API Setu' से खुद दर्ज होंगी जरूरी जानकारियां
डीयू ने इस बार दाखिला प्रक्रिया में सुरक्षा बढ़ाने और फॉर्म भरते समय होने वाली गलतियों को कम करने के लिए एक नई पहल की है। भारत सरकार के 'एपीआई सेतु' (API Setu) के माध्यम से उम्मीदवार का नाम, जन्म तिथि, फोटो और हस्ताक्षर जैसे जरूरी विवरण पोर्टल पर स्वतः (ऑटो-पॉप्युलेट) जोड़ दिए गए हैं।
दूसरे चरण में करना होगा विषयों का मिलान (मैपिंग)
शुरुआती पंजीकरण (पहला चरण) पूरा करने के बाद, अभ्यर्थियों को सीएसएएस के दूसरे चरण में भाग लेना अनिवार्य होगा। दूसरे चरण के दौरान छात्रों को अपने पसंदीदा पाठ्यक्रमों और कॉलेज के विकल्पों के लिए अपनी प्राथमिकताएं चुननी होंगी। इस चरण में अभ्यर्थियों को अपने सीयूईटी-यूजी प्रश्नपत्रों का मिलान 12वीं कक्षा में पढ़े गए विषयों से करना होगा।
विश्वविद्यालय ने यह साफ कर दिया है कि पाठ्यक्रमों की पात्रता तय करने और मेरिट अंकों की गणना करते समय केवल उन्हीं भाषा और विषय आधारित सीयूईटी प्रश्नपत्रों पर विचार किया जाएगा, जिन विषयों को छात्र ने 12वीं कक्षा में पढ़ा है और उनमें उत्तीर्ण (पास) हुआ है। अधिसूचना के मुताबिक, दूसरे चरण की विस्तृत समय-सारणी (Schedule) जल्द ही जारी की जाएगी।
