लखनऊ विश्वविद्यालय ने बढ़ाई PG प्रोग्राम के लिए डेट, अब इस तारीख तक कर सकेंगे अप्लाई
पीजी पाठ्यक्रमों में आवेदन की तिथि बढ़ी 30 जून तक ऑनलाइन भरे जा सकेंगे प्रवेश फॉर्म
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय ने शैक्षिक सत्र 2026-27 प्रवेश प्रक्रिया के तहत परास्नातक (PG) और पीजी प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों को एक बड़ी राहत दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने केंद्रीयकृत प्रवेश प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन प्रवेश फॉर्म भरने की अंतिम तिथि को आगे बढ़ाते हुए अब 30 जून कर दिया है। आपको बता दें कि इससे पहले ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 25 जून निर्धारित की गई थी।
अभ्यर्थियों को मिला 5 दिन का अतिरिक्त समय
विश्वविद्यालय के इस फैसले से अब अभ्यर्थियों को आवेदन करने के लिए पांच दिन का अतिरिक्त समय मिल गया है। प्रवेश समन्वयक प्रो. अनिल गौरव की ओर से जारी आधिकारिक सूचना में बताया गया कि यह पूरी आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जा रही है।
विवि प्रशासन की सलाह, ध्यान से पढ़ें दिशा-निर्देश
लखनऊ विश्वविद्यालय प्रशासन ने आवेदन करने वाले सभी अभ्यर्थियों को विशेष सलाह दी है। विवि ने कहा है कि अभ्यर्थी आवेदन पत्र भरने से पहले संबंधित पाठ्यक्रमों की पात्रता (Eligibility), आवश्यक दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों को ध्यान से जरूर पढ़ लें, ताकि ऑनलाइन आवेदन करते समय किसी भी प्रकार की त्रुटि या गलती न हो।
