Gorakhpur News : BJP के प्रशिक्षण महाअभियान का शुभारंभ, CM योगी बोले- अंत्योदय की सोच ही सुशासन का आधार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में आयोजित दो दिवसीय 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026' के उद्घाटन समारोह में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का यह प्रशिक्षण शिविर पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों और संगठनात्मक मूल्यों को आत्मसात करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एक प्रचारक और स्वयंसेवक के रूप में अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की। बाद में भारतीय जनसंघ की स्थापना के समय संगठन महामंत्री के रूप में उन्होंने संगठन को मजबूत आधार प्रदान किया और अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय राजनीति में 'अंत्योदय' की अवधारणा पंडित दीनदयाल उपाध्याय की सबसे महत्वपूर्ण देन है। उन्होंने कहा कि शासन की सभी नीतियों का केंद्र समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति का कल्याण होना चाहिए। इसी सोच को आधार बनाकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने देश की आर्थिक और सामाजिक नीतियों के लिए एक वैचारिक दिशा प्रदान की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का प्रशिक्षण अभियान केवल संगठनात्मक प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कार्यकर्ताओं को राष्ट्र सेवा, सुशासन और जनकल्याण के मूल सिद्धांतों से जोड़ने का भी माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

यह भी पढ़ें:- CM Yogi Gorakhpur Janata Darshan: जरूरतमंदों को मिलेगा मकान, गंभीर बीमारों के इलाज का खर्च उठाएगी सरकार

संबंधित समाचार