Hardoi News: प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विवाद के बीच प्रेमी-प्रेमिका ने की आत्महत्या, इलाके में सनसनी
हरदोई: कछौना थाना क्षेत्र अंतर्गत चौरा गांव में शनिवार सुबह प्रेम संबंधों में फंसे एक युवक और युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर बंद कमरे का दरवाजा तोड़ा और दोनों के शव बरामद किए। प्रारंभिक जांच में प्रेम और पारिवारिक दबाव को ही मुख्य वजह बताया जा रहा है।
जानें क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार,चौरा गांव निवासी 28 वर्षीय श्रवण कुमार का मंगतनपुरवा निवासी 18 वर्षीय कुंती से प्रेम संबंध चल रहा था। कुछ दिनों पहले श्रवण कुंती से मिलने उसके घर गए थे, जहां परिवार वालों ने उन्हें पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया और श्रवण कुंती के साथ रहने का फैसला ले लिया।
श्रवण कुमार का लगभग 10 वर्ष पहले प्रयागराज जिले के मन्शुकपुरवा गांव की रीता के साथ विवाह हुआ था। उनकी पहली पत्नी से दो बेटे और एक बेटी भी हैं। जब श्रवण ने कुंती को घर लाकर रखने का फैसला लिया तो पूरे परिवार में तीखा विरोध शुरू हो गया। पहली पत्नी और कुंती के बीच झगड़ा भी हुआ, जिसकी शिकायत थाने तक पहुंच गई थी।
शनिवार सुबह करीब 5 बजे जब परिजन दोनों को एक कमरे में नहीं पा सके तो उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से बंद था। शक होने पर पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस टीम ने फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मिलकर दरवाजा तोड़कर दोनों के शव बाहर निकाले।
घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध कुमार और क्षेत्राधिकारी प्रतिभा पटेल मौके पर पहुंचे। श्रवण कुमार चार भाइयों में दूसरे नंबर के थे।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
यह भी पढ़ेंः Lucknow News: मुहर्रम में अचानक से गिरा माकान का छज्जा, दो बच्चों की मौत, आठ घायल
