Barabanki Crime News : युवक की संदिग्ध मौत, पत्नी साले पर हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार : जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के लहबड़ पुरवा गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी और साले पर मारपीट करने तथा जहरीला पदार्थ खिलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, लहबड़ पुरवा निवासी अजय यादव 30 का अपनी पत्नी प्रीति यादव से लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिजनों का कहना है कि दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी। करीब 15 दिन पूर्व विवाद के बाद प्रीति अपने मायके गड़रियनपुरवा चली गई।

मृतक के रिश्तेदार शिवम यादव ने बताया कि अजय अपनी पत्नी को वापस लाने ससुराल गया था। आरोप है कि वहां उसके साथ मारपीट की गई और उसे कोई जहरीला पदार्थ दे दिया गया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। उपचार के दौरान शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई। आरोप है कि विवाह के बाद से ही अजय को प्रताड़ित किया जाता था। उसकी दो बीघा जमीन पर सबकी नजर टिकी थी।

हालांकि पुलिस ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है। कैटरिंग का काम करने वाला अजय परिवार का सहारा था। परिवार में ढाई वर्षीय बेटी अनाया है, जबकि उसकी पत्नी गर्भवती बताई जा रही। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। थानाध्यक्ष जहांगीराबाद राम प्रकाश मिश्रा ने बताया कि युवक की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

तीन लोगों ने फांसी लगाकर दी जान, मचा कोहराम

अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन लोगों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने तीनों मामलों में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक मामले में घटना संदिग्ध है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पहली घटना कोठी थाना क्षेत्र के ग्राम असदामऊ की है। यहां 25 वर्षीय सोनू उर्फ सुनील कुमार यादव पुत्र अमर सिंह यादव का शव शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे घर से लगभग 300 मीटर दूर दक्षिण दिशा में स्थित खेत में आम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। ग्रामीणों ने शव देखकर परिजनों को सूचना दी। बताया गया कि सोनू चार भाइयों में मंझला और अविवाहित था। वह अक्सर खेत में ही चारपाई डालकर सोता था। शव के पास दो कीपैड मोबाइल फोन मिले हैं, जिनमें 42 मिस्ड कॉल तथा एक व्यक्ति के 10 कॉल दर्ज हैं। दोनों मोबाइल पुलिस ने कब्जे में ले लिए हैं। मृतक के पिता लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती हैं।

दूसरी घटना जैदपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला लोधपुरा की है। यहां 17 वर्षीय प्रियंका रावत पुत्री मोहन लाल ने घर में पंखे से धोती के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों के अनुसार शनिवार सुबह परिवार के सदस्य मेंथा कटाई के लिए खेत गए थे। प्रियंका खेत जाने की जिद कर रही थी, लेकिन उसकी मां विजेता ने उसे घर पर रहकर खाना बनाने और बाद में खेत पहुंचाने को कहा। कुछ देर बाद वह घर में अकेली रह गई। शाम करीब साढ़े छह बजे छोटे भाई हर्षित ने खेत पहुंचकर घटना की जानकारी परिजनों को दी।

तीसरी घटना जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के पलिया मसूदपुर गांव की है। यहां 36 वर्षीय छोटू उर्फ जागेश यादव ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। चचेरे भाई अशोक यादव के अनुसार जागेश बेरोजगारी से परेशान था। बताया गया कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे उसने टिनशेड के नीचे लगे पाइप से गमछे के सहारे फांसी लगा ली। घटना के समय उसकी पत्नी और दोनों बच्चे घर के अंदर सो रहे थे।

संबंधित समाचार