ANM अभ्यर्थियों को बड़ी राहत, बढ़ी अनुभव प्रमाण-पत्र जमा करने की अंतिम तिथि
एनएचएम ने जिलाधिकारियों और सीएमओ को भेजा पत्र, समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश
लखनऊ, अमृत विचार: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), उप्र. ने एएनएम अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए क्यूआर कोड आधारित अनुभव प्रमाण-पत्र जारी करने की अंतिम तिथि 15 जून 2026 तक बढ़ा दी है। यह प्रमाण-पत्र उप्र. अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की स्वास्थ्य कार्यकर्ता (महिला) भर्ती परीक्षा में सेवा भारांक प्राप्त करने के लिए आवश्यक है।
एनएचएम के अनुसार संविदा पर कार्यरत अथवा पूर्व में कार्य कर चुकी एएनएम अभ्यर्थियों को स्वास्थ्य कार्यकर्ता (महिला) पद के लिए सेवा भारांक का लाभ देने हेतु क्यूआर कोड आधारित अनुभव प्रमाण-पत्र जारी किए जा रहे हैं। पहले इसकी अंतिम तिथि 10 जून निर्धारित थी, जिसे बढ़ाकर 13 जून किया गया था। अब जिलों से प्राप्त अनुरोधों और प्रमाण-पत्र जारी करने में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों को देखते हुए समय सीमा दो दिन और बढ़ाकर 15 जून कर दी गई है।
इस संबंध में एनएचएम द्वारा सभी जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्साधिकारियों को पत्र भेजकर पात्र अभ्यर्थियों के अनुभव प्रमाण-पत्र निर्धारित समयावधि में जारी कराने के निर्देश दिए हैं।
सेवा भारांक के लिए जरूरी है प्रमाण-पत्र
एनएचएम अधिकारियों के अनुसार क्यूआर कोड आधारित अनुभव प्रमाण-पत्र के आधार पर ही पात्र एएनएम अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में सेवा भारांक का लाभ मिलेगा। ऐसे में अभ्यर्थियों को समय सीमा के भीतर प्रमाण-पत्र प्राप्त करना आवश्यक होगा।
