पुलिस परीक्षा निरीक्षण: सीतापुर में डीएम और एसपी ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं मिलीं संतोषजनक
सीतापुर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपत आर. एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने राजकीय इंटर कॉलेज तथा आरएमपी इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
परीक्षा में तैनात अधिकारी और कर्मचारियों की समीक्षा
उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा प्रबंध, अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं तथा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
परीक्षा केंद्रों पर देखी व्यवस्था
अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। प्रशासन के अनुसार जनपद में पुलिस भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में आयोजित की जा रही है। अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सतर्क निगरानी रखी जा रही है तथा सुरक्षा संबंधी सभी मानकों का पालन कराया जा रहा है।
ये भी पढ़ें :
यूपी भर्ती परीक्षा में आये अभ्यर्थियों को मिली बड़ी छूट, सीएम योगी के निर्देश पर रोडवेज बसों के किराये में 50% रियायत
