Chitrakoot News : संविदा लाइनमैन की संदिग्ध मौत पर बवाल, दारोगा पर हत्या का आरोप, पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों का धरना
परिजनों ने एसआई पर धमकी देने का लगाया आरोप, हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर पोस्टमार्टम कराने से किया इंकार
चित्रकूट में बिजली विभाग के संविदा लाइनमैन शिवशंकर शुक्ला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने राजापुर थाने में तैनात उपनिरीक्षक अजहर जमाल पर हत्या का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की और पोस्टमार्टम हाउस में दिनभर धरना दिया।
चित्रकूट, अमृत विचार। बिजली विभाग में संविदाकर्मी शिवशंकर शुक्ला की संदिग्ध हालात में मौत का मामला पुलिस के लिए गले की फांस बन गया। राजापुर थाने के दारोगा अजहर जमाल के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने की मांग को लेकर रविवार को परिजन और ग्रामीण पोस्टमार्टम हाउस में धरने पर बैठ गए। इनका कहना था कि एसआई ने युवक को धमकाया था।
गौरतलब है कि राजापुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत भटरी के मजरे सूरजवापुरवा नंदूपुरवा निवासी शिवशंकर शुक्ला (26) पुत्र राजेश कुमार का शव शनिवार सुबह गांव से कुछ दूर पेड़ से साफी के फंदे के सहारे लटकता मिला। शिवशंकर (26) सरधुआ पावर हाउस में संविदा पर लाइनमैन था।
पिता ने बताया कि शुक्रवार रात वह ड्यूटी से घर लौटा और कुछ देर बाद शौच जाने की बात कहकर घर से निकला। बाद में शनिवार सुबह उसका शव पेड़ पर लटकता मिला। आरोप लगाया कि सरधुआ थाने में तैनात उपनिरीक्षक अजहर जमाल पुत्र को फोन पर धमकियां देता था और जेल भेजने की बात कहता था। परिजनों का आरोप है कि युवक की हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया गया।
पोस्टमार्टम हाउस में दिनभर चला धरना
रविवार को पोस्टमार्टम हाउस में परिजन, ग्रामीण और जनप्रतिनिधि धरने पर बैठ गए और पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। सुबह लगभग नौ बजे से शाम तक धरना प्रदर्शन चलता रहा। ये लोग पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद, शिवशंकर को न्याय दो आदि नारे लगा रहे थे। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य मीरा भारती, ब्लाक प्रमुख पहाड़ी सुशील द्विवेदी, भाजपा नेता देव त्रिपाठी, जगदीश प्रसाद गौतम, हीरो मिश्रा, राष्ट्रीय हिंदू संगठन के संगठन मंत्री चंद्रिका पांडेय, युवा समाजसेवी अनुज हनुमत आदि मौजूद रहे। समाचार भेजे जाने तक धरना जारी था।
